एकता कपूर का रियलिटी शो लॉक अप हर दिन नई कॉन्ट्रोवर्सी पैदा करता है. शो में सेलेब्स अपने सच का सामना करते हैं. शनिवार को शो में जजमेंट डे हुआ, जिसमें उर्फी जावेद और हिना खान बतौर गेस्ट आए. उन्होंने शिल्पा शिंहे, हर्षद चोपड़ा, समेत कई कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाई और उन्हें उनकी सच्चाई भी दिखाई.
हिना खान ने शिल्पा को लेकर कई बातें कहीं. उन्होंने भाभीजी एक्ट्रेस को नॉमिनेशन से बचाने के लिए साफ इनकार किया था. हिना ने कहा था कि वो किसी ऐसे को नहीं बचाना चाहतीं जो दूसरों के कैरेक्टर पर सवाल खड़े करते हैं. उनसे जुड़ी बातें नेशनल टीवी पर करते हैं और गंदी गेम खेलते हैं. हिना खान यहां पर अपनी को-स्टार शिवांगी जोशी को लेकर शिल्पा पर आरोप लगा रही थीं.
शिल्पा और हिना के बीच हुई कैट-फाइट
शिल्पा ने शो के दौरान श्रेया कालरा के साथ मिलकर शिवांगी की पर्सनल लाइफ पर कमेंट किया था. उन्होंने कहा था कि शिवांगी जिस शो में जाती हैं, वहां उनका हर किसी के साथ अफेयर रहता है. हालांकि हिना के शब्दों का वार शिल्पा नहीं सह सकीं. उन्होंने एक्ट्रेस को तुरंत टोकते हुए अपनी सफाई में कहा कि जो कुछ उन्होंने कैमरा पर कहा है, उन्हें उसकी पूरी जानकारी है. मगर हिना उनकी बात से सहमत नहीं हुईं.
शिल्पा की बातें सुनने के बाद उर्फी जावेद ने साफ किया कि वो लॉक अप 2 शिल्पा और श्रेया की वजह से ही देखती हैं. उनके मुताबिक, दोनों इस शो में असली मजा दिलाती हैं. हिना और उर्फी के जाने के बाद, श्रेया और शिल्पा के बीच भी एक बातचीत हुई. श्रेया ने भाभीजी एक्ट्रेस से कहा कि शायद उनका बचना मुश्किल ही था क्योंकि हिना उन्हें कभी नहीं बचातीं.
हिना पर भड़कीं शिल्पा
इसपर शिल्पा ने भी तीखा जवाब दिया. उन्होंने हिना के लिए कहा- वो भाड़ में जाए. वो कैरेक्टर असासिनेशन की बात कर रही है, मैडम को पता है कि वो अंदर क्या-क्या बोल चुकी हैं. शिल्पा का मतलब बिग बॉस शो से था, जिसमें वो और हिना एक ही साथ थे. करीब 9 साल बाद, दोनों फिर आमने-सामने नजर आए जिसे फैंस ने तो काफी एंजॉय किया.