महाराष्ट्र के बदलापुर में एक युवती द्वारा भगवान श्रीराम के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, युवती ने कार चलाते समय एक वीडियो बनाया और उसे अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर पोस्ट कर दिया.
वीडियो कुछ ही समय में तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विभिन्न हिंदुत्ववादी संगठनों ने तीव्र नाराजगी व्यक्त की. वायरल वीडियो को लेकर शहर में विरोध शुरू हो गया और बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई की मांग करने लगे.
यह भी पढ़ें: बदलापुर में पांचवीं की छात्रा से स्कूल बस ड्राइवर ने की छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
थाने के बाहर जुटी भीड़, कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आते ही सैकड़ों कार्यकर्ता बजरंग दल तथा वारकरी संप्रदाय के प्रतिनिधि बदलापुर पूर्व पुलिस थाने पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने युवती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा.
देखें वीडियो...
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिक्शा संगठनों का बंद, अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात
घटना की शहर के विभिन्न संगठनों द्वारा निंदा की गई है. इस बीच जानकारी सामने आई है कि युवती की मां स्थानीय भाजपा महिला शहराध्यक्ष हैं.
युवती के विरोध में रिक्शा संगठनों ने बंद आंदोलन का आह्वान किया, जिसके चलते बदलापुर के कई इलाकों में रिक्शा सेवा ठप रही. यात्रियों को पैदल या वैकल्पिक साधनों से सफर करना पड़ा. फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास कर रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.