scorecardresearch
 

पत्नी- बेटी की पत्थर से कुचला,आंगन में दबा दी लाशें...रोता हुआ पहुंच गया थाने

झारखंड के पाकुड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया. 13 साल की बच्ची और उसकी मां की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि बच्ची का पिता ही निकला, जिसने शराब और शक के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

Advertisement
X
पत्नी और बेटी को मार डाला (Photo: itg)
पत्नी और बेटी को मार डाला (Photo: itg)

झारखंड के पाकुड़ जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पिता पर अपनी पत्नी और 13 साल की बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है. घटना महेशपुर थाना क्षेत्र के गारामारा गांव की है, जहां पहले एक बच्ची का शव मिलने और उसकी मां के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी. शुरुआत में मामला रहस्यमय लगा, लेकिन कुछ ही घंटों की जांच में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक, महेशपुर प्रभाग के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. तकनीकी और फिंगर प्रिंट टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूरी पर बच्ची की मां सुरूज बास्की का शव मिट्टी में दबा हुआ मिला. इसके बाद पुलिस का शक परिवार के भीतर की ओर गया.

पुलिस ने मृत बच्ची के पिता और सुरूज बास्की के पति नरेश टुडू से पूछताछ की. शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और अलग-अलग बातें बताकर जांच भटकाने का प्रयास किया. लेकिन जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह अपने ही बयानों में उलझ गया. आखिरकार उसने पत्नी और बेटी की हत्या की बात स्वीकार कर ली.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, आरोपी नरेश टुडू अत्यधिक शराब का सेवन करता था और उसे अपनी पत्नी पर बेवजह शक था. इसी शक ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया. आरोप है कि पहले उसने पत्नी की पत्थर से वार कर हत्या की. घटना के दौरान जब उसकी बेटी मां को बचाने आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को घर के अलग-अलग हिस्सों में मिट्टी में दबा दिया. इतना ही नहीं, खुद रोते-बिलखते पुलिस को सूचना देकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश करता रहा. हालांकि, पुलिस की जांच और पूछताछ ने कुछ ही घंटों में पूरा राज खोल दिया.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुदाल और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है. SIT ने महज चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी नरेश टुडू को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है.

 



 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement