झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में पिता की हत्या के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अर्जुन नायक के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, घरेलू विवाद के बाद उसने अपने 58 वर्षीय पिता अशोक नायक पर डंडे और पत्थर से हमला कर दिया था. इस हमले में अशोक नायक की मौके पर ही मौत हो गई थी.
दरअसल, यह घटना 20 अक्टूबर को हुई थी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. गुरुवार 22 अक्टूबर को उसे जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया. सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अभिनव भारद्वाज ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
यह भी पढ़ें: पिस्तौल दिखाकर लड़की के अपहरण का दावा, झारखंड के सरायकेला में दो समुदायों के बीच तनाव, बाजार में आगजनी
घरेलू विवाद में पिता पर किया हमला, मौके पर हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन नायक का अपने पिता अशोक नायक के साथ एक मामूली घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान उसने पिता पर डंडे और पत्थर से हमला कर दिया. हमले में गंभीर चोट लगने के कारण अशोक नायक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की. इस टीम की अगुवाई एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज कर रहे थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
वारदात में इस्तेमाल चाकू, पत्थर और कपड़ा बरामद
एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच के दौरान खून से सना चाकू, पत्थर और वारदात के समय इस्तेमाल किया गया कपड़ा बरामद किया है. पुलिस इन बरामद वस्तुओं को मामले की जांच से जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मामूली घरेलू विवाद में पिता की हत्या की इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.