जम्मू-कश्मीर के कठुआ दिल छू लेने वाली कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है. यहां 70 साल से ज्यादा उम्र की बुजुर्ग महिला विद्या कौर इन दिनों कार ड्राइविंग के कारण चर्चा में हैं. उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह नेशनल हाइवे पर कार चलाती नजर आ रही हैं.
आमतौर पर यह माना जाता है कि बढ़ती उम्र के साथ इंसान की शारीरिक क्षमता कम होने लगती है और रोजमर्रा के काम भी मुश्किल हो जाते हैं. लेकिन विद्या कौर ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है. उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका आत्मविश्वास और ऊर्जा देखकर हर कोई हैरान है. वायरल वीडियो में वह अपनी मारुति ऑल्टो को सहज तरीके से पूरे कंट्रोल के साथ चला रही हैं.
यहां देखें Video...
वीडियो में देखा जा सकता है कि विद्या कौर ट्रैफिक के बीच बिना किसी घबराहट के गाड़ी चला रही हैं. उनके चेहरे पर न कोई डर है और न ही कोई संकोच. वे सहजता से स्टीयरिंग संभालती हैं और आगे बढ़ती हैं. उन्होंने करीब 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से नेशनल हाइवे पर कार चलाई.
यह भी पढ़ें: 102 साल की उम्र में भी योग सिखाती हैं टीचर! खुद बताया अपनी लंबी उम्र का राज
विद्या कौर ने ड्राइविंग अपने जीवन के बाद के वर्षों में सीखी. वे एक रिटायर्ड टीचर हैं और साल 2012 में नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने कार चलाना सीखा. आज उन्हें ड्राइविंग करते हुए 13 साल से अधिक का समय हो चुका है. वह बताती हैं कि शुरुआत में यह सिर्फ एक जरूरत थी, लेकिन धीरे-धीरे यह उनके जीवन की खुशी बन गई.

विद्या कौर कहती हैं कि उन्हें गाड़ी चलाते समय किसी तरह की परेशानी नहीं होती. मैं 73 प्लस हूं, लेकिन मुझे ड्राइविंग करते वक्त कोई दिक्कत नहीं आती. प्रैक्टिस मेक्स परफेक्ट- यह बात मेरे साथ बिल्कुल सही बैठती है.
वह आगे कहती हैं कि उनका वीडियो वायरल हुआ, अगर लोग खुश हैं तो मुझे उससे भी ज्यादा खुशी है. मैं अक्सर ड्राइव करके अपने रिश्तेदारों से मिलने जाती हूं. पठानकोट, लखनपुर और जम्मू जैसे स्थानों पर भी मैं खुद गाड़ी चलाकर जाती हूं.

विद्या कौर कहती हैं कि सकारात्मक सोच और खुशमिजाज रवैया ही अच्छी सेहत का राज है. मैं खुश रहती हूं, इसलिए स्वस्थ भी रहती हूं. मेरी तीन बेटियां हैं, तीनों की शादी हो चुकी है. बेटियां कहती हैं- मम्मी आपके पास जो हुनर है, 4 लोग जानेंगे तो खुश होंगे. बच्चे खुश होते हैं. मैं खुद भी खुश रहती हूं. उसी से मेरी सेहत भी ठीक है. साल 2012 में रिटायर हुए थे, उसके बाद गाड़ी चलाना सीखा. नई गाड़ी ली थी, वही आज तक चला रही हूं. मैं जब गाड़ी चलाती हूं, बहुत खुश होती हूं. बच्चे कहते हैं- मम्मी आप हमेशा ऐसे खुश रहा करो.

विद्या कौर सड़क सुरक्षा का मैसेज देते हुए कहती हैं कि गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट पहनना बेहद जरूरी है. जो लोग सीट बेल्ट नहीं पहनते, मैं उनसे कहूंगी कि कानून का पालन करें. इससे आपकी और दूसरों की सुरक्षा होती है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं. यूजर्स उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं और उन्हें इंस्पिरेशन बता रहे हैं. विद्या कौर की कहानी यह साबित करती है कि जिंदगी में कुछ नया सीखने और करने की कोई उम्र नहीं होती. अगर इच्छा और आत्मविश्वास हो तो इंसान किसी भी उम्र में अपने सपनों को जी सकता है.