scorecardresearch
 

अमरनाथ यात्रा के दौरान हादसा, दो बसों की टक्कर में 18 श्रद्धालु घायल

जम्मू-कश्मीर के रामबन में नेशनल हाईवे पर दो बसों की टक्कर हो गई, जिसकी चपेट में एक कार भी आ गई. सोमवार सुबह चंदेरकोट के पास हुए इस हादसे में अमरनाथ यात्रा पर निकले 18 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है.

Advertisement
X
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हुईं अमरनाथ यात्रियों की बस. (Photo: ITG)
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हुईं अमरनाथ यात्रियों की बस. (Photo: ITG)

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. पहलगाम जा रहे अमरनाथ यात्रियों के काफिले में शामिल दो बसें आपस में बुरी तरह टकरा गईं, जिसकी चपेट में एक कार भी आ गई. इस दुर्घटना में कुल 18 श्रद्धालु घायल हो गए हैं. यह घटना सुबह करीब 7:20 बजे चंदेरकोट लंगर पॉइंट के पास हुई, जिसके तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है.

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, चंदेरकोट लंगर पॉइंट के पास हुए इस हादसे की जानकारी देते हुए रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अलयास खान ने बताया कि हादसा जेकेआरटीसी (JKRTC) की दो बसों के आपस में टकराने की वजह से हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि इसकी चपेट में आकर एक कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. सुबह-सुबह हुए इस अचानक हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. राहत बचाव कार्य तुरंत शुरू होने से सभी घायलों को समय रहते मलबे से बाहर निकाल लिया गया.

रेस्क्यू के लिए उतरीं कई टीमें

हादसे की खबर मिलते ही हाईवे पर बड़े पैमाने पर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. नागरिक प्रशासन, सीआरपीएफ (CRPF), सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने मिलकर मोर्चा संभाला. स्थानीय लोगों की मदद से सभी सुरक्षा बलों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए बस और कार में फंसे अमरनाथ यात्रियों को बाहर निकाला. प्राथमिक उपचार देने के साथ ही उन्हें बिना वक्त गंवाए एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, ताकि इलाज में कोई देरी न हो.

Advertisement

हादसे के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. दुर्घटनाग्रस्त बसों और कार को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, ताकि अमरनाथ यात्रा का काफिला बिना ज्यादा देरी के आगे बढ़ सके. राहत कार्य पूरा होने के बाद प्रशासन ने रास्ता साफ कराया और वाहनों की आवाजाही फिर सामान्य कर दी. साथ ही यात्रा मार्ग पर निगरानी भी बढ़ा दी गई, ताकि आगे किसी तरह की परेशानी न हो.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement