हरियाणा के कैथल जिले के गांव चंदाना में हुई एक शादी इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. शादी पूरी तरह से रीति-रिवाज और परंपराओं के साथ हुई, लेकिन जैसे ही करीब 3 फीट लंबे दूल्हे ने अपनी ही हाइट की दुल्हन के साथ घर में एंट्री की, लोग इस जोड़े को देखने के लिए जुटने लगे. अब शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दे रहे हैं.
यह शादी गांव चंदाना के रहने वाले 26 वर्षीय विक्रम की है. परिवार के अनुसार, विक्रम की हाइट छोटी होने की वजह से लंबे समय तक उनका रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था. कुछ रिश्ते आए भी, लेकिन उस समय परिवार ने शादी इसलिए नहीं की क्योंकि विक्रम के बड़े भाइयों की शादी बाकी थी.
छोटी हाइट की वजह से नहीं हो पा रही थी शादी
समय बीतने के बाद परिवार ने फिर से अपने बेटे के लिए रिश्ता तलाशना शुरू किया. माता-पिता अपनी जाति में ही लड़की की खोज कर रहे थे. आखिरकार रिश्तेदारों की मदद से जींद जिले के गांव हाट में प्रियंका का रिश्ता मिला. प्रियंका की हाइट भी विक्रम के बराबर बताई जा रही है. इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से शादी तय हुई. रविवार देर रात जब विक्रम अपनी दुल्हन प्रियंका को लेकर घर पहुंचे तो परिवार की खुशी देखने लायक थी. घर में जश्न का माहौल बन गया. कोई नवविवाहित जोड़े के साथ सेल्फी लेता नजर आया तो कोई उन्हें आशीर्वाद देता दिखाई दिया.
विक्रम ने शादी के बाद कहा कि उनकी जोड़ी भगवान ने बनाई है और वह अपनी पत्नी प्रियंका के साथ खुशी से जीवन बिताना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि वह जागरण मंडली में काम करते हैं. विक्रम ने यह भी कहा कि बारात में बहुत कम लोगों को लेकर गए थे, लेकिन शादी बेहद खुशी और सादगी के साथ संपन्न हुई.
सादगी और खुशी के साथ हुई शादी
वहीं विक्रम के पिता दर्शन लाल ने बेटे की शादी पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि परिवार लंबे समय से बेटे की शादी का इंतजार कर रहा था और अब घर में नई बहू आने से पूरा परिवार खुश है. इस अनोखी शादी की चर्चा अब गांव से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच गई है. लोग इस जोड़े की सादगी और खुशी को पसंद कर रहे हैं और उन्हें नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं.