scorecardresearch
 

महिला से अश्लील हरकत कर भागा Rapido चालक, चंद घंटों में पुलिस ने दबोचा

गुरुग्राम में महिला सवारी से अश्लील हरकत करने वाले रैपिडो कैब चालक को पुलिस ने कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया. आरोपी विजय कुमार ने सफर के दौरान महिला के साथ अभद्र इशारे किए थे. महिला के विरोध के बाद चालक फरार हो गया था. शिकायत मिलते ही थाना सदर पुलिस ने आरोपी को भोंडसी से दबोच लिया और वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली.

Advertisement
X
कैब में महिला से गंदी हरकत.(Photo: Screengrab)
कैब में महिला से गंदी हरकत.(Photo: Screengrab)

गुरुग्राम में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की तत्परता एक बार फिर सामने आई है. सफर के दौरान महिला सवारी के साथ अश्लील हरकत और अभद्र इशारे करने वाले रैपिडो कैब चालक को गुरुग्राम पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया. थाना सदर पुलिस ने आरोपी को भोंडसी इलाके से दबोचा और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली.

महिला थाना की एसएचओ सुमन ने बताया कि 21 मई को एक महिला अपने ऑफिस जाने के लिए रैपिडो ऐप के जरिए कैब बुक कर सफर कर रही थी. यात्रा के दौरान चालक ने महिला के साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं और भद्दे इशारे किए. महिला ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत विरोध किया और चालक से गाड़ी रुकवाई.

यह भी पढ़ें: दो दोस्तों ने किराए पर ली थार, फिर राजस्थान में औने-पौने दाम में बेच डाली... गुरुग्राम में पुलिस ने दबोचा

महिला के विरोध के बाद आरोपी चालक घबरा गया और मौके से फरार हो गया. इसके बाद पीड़िता ने बिना डरे गुरुग्राम के थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी.

भोंडसी से दबोचा गया आरोपी चालक

Advertisement

पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गुरुग्राम के भोंडसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार निवासी गांव बनिहारी, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी रैपिडो प्लेटफॉर्म पर अपनी कार चलाता था.

एसएचओ सुमन ने कहा कि इस घटना से महिलाओं को यह सीख मिलती है कि अपराध के खिलाफ तुरंत आवाज उठाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि चुप रहना अपराधियों के हौसले बढ़ाता है, जबकि पीड़िता की सूझबूझ और समय पर शिकायत के कारण आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचा.

गुरुग्राम

गुरुग्राम पुलिस ने महिलाओं को भरोसा दिलाया है कि वे अकेली नहीं हैं और उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. पुलिस ने महिलाओं को सलाह दी कि कैब में बैठते ही अपनी लाइव लोकेशन परिवार या दोस्तों के साथ साझा करें और चालक का व्यवहार संदिग्ध लगने पर तुरंत विरोध करें.

पुलिस ने कैब कंपनियों को भी दी चेतावनी

गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं बिना संकोच पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करें. पुलिस हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करेगी.

वहीं, पुलिस ने कमर्शियल वाहन चालकों और कैब एग्रीगेटर कंपनियों को भी कड़ा संदेश दिया है. पुलिस ने साफ कहा कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या उत्पीड़न को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Advertisement

पुलिस ने चेतावनी दी कि कैब कंपनियां अपने ड्राइवरों का सख्त पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करें. यदि इस मामले में लापरवाही पाई गई तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है. गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि सुरक्षित सफर हर व्यक्ति का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना पुलिस का कर्तव्य है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement