scorecardresearch
 

रोते हुए मां को किया था फोन, अगले दिन मिली इंतकाल की खबर... फरीदाबाद में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत

हरियाणा के फरीदाबाद में 8 महीने की गर्भवती महिला नमिता कामत (29) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. अस्पताल में गले पर संदिग्ध निशान मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया. मृतका के परिजनों ने पति के कथित विवाहेतर संबंध और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है.

Advertisement
X
पति, सास-ससुर और दो देवरों पर FIR.(Photo: Sachin Gaur/ITG)
पति, सास-ससुर और दो देवरों पर FIR.(Photo: Sachin Gaur/ITG)

हरियाणा के फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में 29 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतका नमिता कामत आठ महीने की गर्भवती थीं. अस्पताल में उनके गले पर संदिग्ध निशान मिलने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया. पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मृतका के परिजनों का आरोप है कि नमिता को अपने पति रंजीत चौधरी के किसी दूसरी महिला से कथित संबंधों की जानकारी मिल गई थी. वह पति को उस महिला से मिलने और बातचीत करने से रोकती थीं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते थे.

यह भी पढ़ें: होटल के कमरे में बैठ नकली नोट छाप रहा था IT इंजीनियर, फरीदाबाद से गिरफ्तार

परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी के बाद से ही नमिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था. उनका कहना है कि कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई थी.

20 नवंबर को हुई थी शादी, बुधवार को बेहोशी की हालत में मिली

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मीठापुर निवासी नमिता कामत की शादी 20 नवंबर 2025 को फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी रंजीत चौधरी से हुई थी. शादी के कुछ महीनों बाद ही वह गर्भवती हो गई थीं.

Advertisement

बुधवार दोपहर नमिता अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली. इसके बाद परिजन उन्हें सेक्टर-31 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल में जांच के दौरान नमिता के गले पर गला दबाने जैसे निशान दिखाई दिए. इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज भेज दिया.

'21 जुलाई को रोते हुए मां को किया था फोन'

मृतका के पिता शिवनारायण कामत ने पुलिस को दी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि शादी के बाद उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था.

उन्होंने आरोप लगाया कि पति के कथित दूसरी महिला से संबंधों को लेकर नमिता अक्सर विरोध करती थी. इसी वजह से दोनों के बीच विवाद होता था और कई बार मारपीट की नौबत भी आ जाती थी.

पिता के मुताबिक 21 जुलाई को नमिता ने अपनी मां को फोन कर रोते हुए घर आने के लिए कहा था. लेकिन परिवार के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई. इस घटनाक्रम ने परिजनों की आशंकाओं को और गहरा कर दिया है.

पति, सास-ससुर और दो देवरों पर FIR, मेडिकल बोर्ड करेगा खुलासा

Advertisement

ग्रीनफील्ड चौकी प्रभारी कृपा राम ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति रंजीत चौधरी, ससुर विजय कांत चौधरी, सास बुच्ची चौधरी और दो देवरों के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके.

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement