फरीदाबाद से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने कबूलपुर इलाके में मिली महिला की लाश के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या लिव-इन रिलेशनशिप में हुए विवाद के बाद की गई थी. इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस ने हत्या की साजिश से जुड़े अहम खुलासे किए हैं.
मामले की शुरुआत तब हुई जब शिकायतकर्ता विवेक ने पुलिस को बताया कि उसकी मां अनीता 15 अप्रैल को बिजली का बिल भरने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद 17 अप्रैल को कबूलपुर के पास गंदे नाले से महिला का शव बरामद हुआ. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद: 10वीं में 68% अंक पाने से टूटी उम्मीद, चलती ट्रेन के आगे कूदकर छात्रा ने दी जान
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें मुख्य आरोपी ब्रहमजीत और उसका पिता जगविंद्र शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, ब्रहमजीत की करीब डेढ़ साल पहले अनीता से जान-पहचान हुई थी, जो बाद में संबंधों में बदल गई.
संबंध बिगड़े, हत्या की साजिश रची
पुलिस जांच में सामने आया कि जनवरी 2025 में शादी होने के बाद ब्रहमजीत ने अनीता से दूरी बनानी शुरू कर दी थी. इसके बावजूद अनीता लगातार उससे मिलने का दबाव बना रही थीं. इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची. पुलिस के मुताबिक, यह वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई.

15 अप्रैल को आरोपी अनीता को बहाने से अपने साथ ले गया. इसके बाद उसे कबूलपुर से धतीर की ओर जाने वाले सुनसान इलाके में ले जाया गया. वहां आरोपी ने महिला को जमीन पर गिराकर उसकी गर्दन पर पैर रख दिया और हत्या कर दी.
वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने महिला के कपड़े उतार दिए और शव को गंदे नाले में फेंक दिया. इसके बाद आरोपी अपने पिता की मदद से फरार हो गया.
पलवल से गिरफ्तारी, पूछताछ जारी
हत्या के बाद आरोपी अपने पिता के साथ फरार होकर पलवल पहुंच गया. पुलिस ने लगातार दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद हत्या की गुत्थी सुलझ गई है.
इस मामले में फरीदाबाद पुलिस के एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि मुख्य आरोपी ब्रहमजीत ने पूछताछ में हत्या की वारदात कबूल कर ली है. आरोपी ने महिला द्वारा ब्लैकमेल किए जाने से परेशान होकर हत्या की योजना बनाई थी.
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है. इस सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है.