फरीदाबाद में सुबह के वक्त अपने पेट डॉग को घुमाने निकली बीटेक की छात्रा पर पड़ोसी के जर्मन शेफर्ड ने अटैक कर दिया. छात्रा ने अपने पेट डॉग को गोद में उठाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन जर्मन शेफर्ड ने उसकी दाईं बाजू और अन्य कई जगहों पर काट लिया. आवाज सुनकर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे कुत्ते को अलग किया. इसके बाद घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
घटना फरीदाबाद के सेक्टर-37 के अशोका एन्क्लेव पार्ट-2 की है. छात्रा की शिकायत पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने अटैक करने वाले जर्मन शेफर्ड कुत्ते के मालिक और उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. घायल छात्रा सृष्टि शर्मा ने शिकायत में कहा कि 17 अक्टूबर की सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच वह अपने पेट डॉग (पोमेरियन ब्रीड) को घुमाने निकली थी.
यहां देखें वीडियो
इसी दौरान पड़ोसी सिकंदर शर्मा का जर्मन शेफर्ड खुले में घूम रहा था. जर्मन शेफर्ड अचानक सृष्टि की तरफ दौड़ा. हमले से बचने के लिए सृष्टि ने अपने पेट डॉग को गोद में उठा लिया, लेकिन जर्मन शेफर्ड ने उसके हाथ पर काट लिया. वह खुद को बचाने के लिए चिल्लाती रही. कुत्ते ने कमर पर भी काट लिया.
यह भी पढ़ें: मिड-डे मील खा रहे बच्चों पर पागल कुत्ते ने किया हमला, दो मासूम घायल... लहूलुहान हालत में हायर सेंटर रेफर
सृष्टि ने शिकायत में कहा कि चीखने-चिल्लाने के काफी देर बाद कुत्ते की मालकिन मौके पर पहुंची और कुत्ते को काबू किया. वहीं आवाज सुनकर छात्रा के परिजन भी मौके पर आ गए. इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, वहां इमरजेंसी में उसका इलाज हुआ. एंटी-रेबीज वैक्सीन लगने के बाद छात्रा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
सृष्टि के परिजनों का कहना है कि कुत्ते को खुला छोड़ने की वजह से यह घटना हुई. सृष्टि ने कुत्ते के मालिक सिकंदर शर्मा और उनकी पत्नी सुषमा शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कराया है. सृष्टि के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को कुत्ते ने तीन जगह काटा है. दो जगह पर उसको टांके आए हैं. उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने कुत्ते के मालिक से बात न करके कानूनी रुख अपनाया है और मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर सिकंदर शर्मा और सुषमा शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.