scorecardresearch
 

मिड-डे मील खा रहे बच्चों पर पागल कुत्ते ने किया हमला, दो मासूम घायल... लहूलुहान हालत में हायर सेंटर रेफर

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मिड-डे मील खाने के दौरान एक संदिग्ध कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया और बच्चों पर हमला कर दिया. इस हमले में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है, जबकि शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं.

Advertisement
X
BSA ने गठित की जांच टीम.(Photo: Akhilesh Kumar Sonekar/ITG)
BSA ने गठित की जांच टीम.(Photo: Akhilesh Kumar Sonekar/ITG)

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खा रहे बच्चों के बीच अचानक रेबीज संक्रमित एक पागल कुत्ता घुस आया. देखते ही देखते कुत्ते ने बच्चों पर हमला कर दिया और दो मासूमों को बुरी तरह काटकर लहूलुहान कर दिया. स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

दरअसल, यह घटना बरगढ़ थाना क्षेत्र के बोझफार्म कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय की है, जहां आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है. दोपहर के समय बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे. तभी अचानक कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया और हमला कर दिया. इस हमले में कक्षा दो के छात्र श्याम और आंगनबाड़ी में पढ़ने वाली जानवी गंभीर रूप से घायल हो गए.

यह भी पढ़ें: चित्रकूट में चलती रोडवेज बस में 3 साल की मासूम से दरिंदगी, मां ने दिखाई हिम्मत और आरोपी को दबोचा

कुत्ते के आक्रामक व्यवहार को देखकर स्कूल में मौजूद शिक्षक और अन्य बच्चे भी घबरा गए. कई बच्चे और शिक्षक खुद को बचाने के लिए कक्षाओं के अंदर छिप गए. इसके बाद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने शोर मचाते हुए पत्थर और डंडे फेंके, तब जाकर कुत्ता वहां से भागा.

Advertisement

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, दोनों बच्चों को किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. यूपी-112 की टीम ने दोनों घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊ पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां दोनों का इलाज जारी है.

पीड़ित परिवारों ने इस घटना के लिए स्कूल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि जब बच्चे स्कूल परिसर में खाना खा रहे थे, तब कुत्ता अंदर कैसे पहुंच गया. परिजनों का आरोप है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होती तो यह घटना टाली जा सकती थी.

ग्रामीणों का कहना है कि जिस कुत्ते ने हमला किया, वह लंबे समय से रेलवे क्रॉसिंग के पास घूमता है और रेबीज जैसी हालत में है. उनका दावा है कि यह कुत्ता पहले भी कई लोगों और मवेशियों पर हमला कर चुका है, लेकिन उसे पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.

चित्रकूट

BSA ने गठित की जांच टीम, स्कूल सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कुत्ते को जल्द पकड़कर लोगों को उसके आतंक से राहत दिलाई जाए.

Advertisement

इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) रंजना शुक्ला ने बताया कि स्कूल परिसर में कुत्ते के घुसने और दो बच्चों के घायल होने की सूचना मिली है. दोनों बच्चों का इलाज कराया जा रहा है. साथ ही यह पता लगाने के लिए जांच टीम गठित कर दी गई है कि कुत्ता स्कूल परिसर में कैसे पहुंचा और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई.

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. विशेष रूप से स्कूल की बाउंड्री पर जाली लगाने और ऐसे इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement