scorecardresearch
 

कर्ज और हार से टूटा हौसला... BSC छात्र ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से कर ली खुदकुशी

फरीदाबाद में जेसी बोस वाईएमसीए यूनिवर्सिटी के बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र आदित्य ठाकुर ने ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपए हारने के बाद घर के बाथरूम में खुद को गोली मार ली. परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
आर्मी से रिटायर्ड ताऊ की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली.(Photo: Representational)
आर्मी से रिटायर्ड ताऊ की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली.(Photo: Representational)

फरीदाबाद में ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक छात्र की जान ले ली. जेसी बोस वाईएमसीए यूनिवर्सिटी के बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र ने लाखों रुपये हारने के बाद अपने ही घर के बाथरूम में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना का खुलासा मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट से हुआ है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान आदित्य ठाकुर के रूप में हुई है, जो सेक्टर-77 स्थित जल विहार वेलफेयर सोसायटी का निवासी था. पुलिस के अनुसार वह जेसी बोस वाईएमसीए यूनिवर्सिटी में बीएससी के अंतिम वर्ष का छात्र था. शुरुआती जांच में सामने आया कि वह ऑनलाइन जुए में हारे हुए पैसे वापस जीतने की लालच में लगातार दांव लगा रहा था और लाखों रुपये गंवा चुका था.

यह भी पढ़ें: मां से झगड़े के बाद छठी मंजिल से लगाई छलांग... फरीदाबाद में युवक की दर्दनाक मौत

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव के कारण छात्र बेहद परेशान था. इसी तनाव में उसने अपने आर्मी से रिटायर्ड ताऊ सतीश की लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली. घटना के समय उसकी मां और छोटा भाई घर पर मौजूद थे.

Advertisement

गोली की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे बाथरूम

गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य बाथरूम की ओर दौड़े और आदित्य को गंभीर हालत में पाया. उसे तुरंत फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना से परिवार में कोहराम मच गया है.

फरीदाबाद

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सुसाइड नोट बरामद किया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ऑनलाइन जुए में लगातार हारने के कारण छात्र मानसिक दबाव में था.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement