सूरत के बारडोली तहसील के रुवा गांव में दिनदहाड़े एक घर में घुसकर लूट की कोशिश की गई. यहां स्कूटी पर सवार युवक कुरियर बॉय बनकर घर में घुसा था. मकान मालिक ने विरोध किया और शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर आ गए. इससे आरोपी मौके से भाग निकला. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है.
सीसीटीवी में कैद फुटेज में देखा जा सकता है कि स्कूटी पर सवार युवक गांव में एंट्री करता है. इसके बाद वह पटेल फलिया में रहने वाले सुरेशभाई ठाकोरभाई पटेल के घर के बाहर पहुंचता है. वह स्कूटी घर के बाहर खड़ी कर देता और हाथ में एक कुरियर जैसा पैकेट लेकर आगे बढ़ता है.
यहां देखें Video
आरोपी लुटेरा सुरेशभाई के घर में घुस जाता है और कहता है कि वह एक पार्सल देने आया है. सुरेशभाई ने जब पार्सल लेने से इनकार कर दिया, तब भी वह जबरन घर के बरामदे तक पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: आंखों में मिर्च, हाथ में चाकू और... जयपुर में दुकानदार से लूट की साजिश नाकाम, Video
सुरेशभाई ने उसे मना किया और वापस घर के अंदर जाने लगे. इस दौरान आरोपी लुटेरा भी उनके पीछे घर में घुस गया. अंदर जाते ही उसने चाकू दिखाकर पैसों की मांग शुरू कर दी. इस दौरान मकान मालिक सुरेशभाई उससे भिड़ गए. उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरे को जोरदार धक्का दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर पड़ोस के लोग तुरंत वहां जमा होने लगे. पकड़े जाने के डर से आरोपी लुटेरा स्कूटी लेकर वहां से फरार हो गया.
हाथापाई के दौरान आरोपी का सफेद रंग का रुमाल घर में ही गिर गया था, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है. वीडियो देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी पूरी प्लानिंग के साथ गांव में आया था. वारदात से पहले उसने भरमपोर गांव जाने का रास्ता पूछकर गांव की रेकी की थी. दोपहर के शांत समय में उसने घर में घुसकर लूट की कोशिश की. फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है.