गुजरात के सूरत में संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी मां और छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि, घटना रविवार सुबह करीब 7:30 बजे लिंबायत इलाके की सहजआनंद सोसाइटी में हुई. आरोपी की पहचान 40 साल के श्रीनिवास के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे घटना के कुछ घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया.
मृतकों की पहचान मल्लेश्वरी गोडुरू और उनके सबसे छोटे बेटे राजू के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि परिवार मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला है और लंबे समय से सूरत में रह रहा था.
तीन दुकानों के किराये को लेकर था विवाद
पुलिस ने बताया कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे और तीन दुकानों से मिलने वाले किराये को लेकर करीब दो साल से विवाद चल रहा था. इन दुकानों से हर महीने लगभग 60 हजार रुपये किराया मिलता था. मल्लेश्वरी अपने छोटे बेटे राजू के साथ रहती थीं. वह दुकानों से मिलने वाली किराये की रकम राजू को देती थीं. परिवार के सदस्यों ने बताया कि आरोपी बड़े बेटे श्रीनिवास को इस व्यवस्था पर आपत्ति थी. वह चाहता था कि प्रॉपर्टी और उससे होने वाली आमदनी तीनों भाइयों श्रीनिवास, राजू और रमेश के बीच बराबर बांटी जाए.
यह भी पढ़ें: पहले पति को छोड़ा, दूसरे का कर दिया मर्डर! बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर रची साजिश, सोते समय गर्दन पर चाकू से किए वार
मां ने फिलहाल संपत्ति बांटने से किया था इनकार
सूरत के डीसीपी कानन देसाई ने बताया कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामले को सुलझाने के लिए कई बैठकें भी हुई थीं. पुलिस ने बताया कि मल्लेश्वरी ने फिलहाल संपत्ति का बंटवारा नहीं करने का फैसला लिया था. वह किराये की रकम अपने छोटे बेटे राजू को देना चाहती थीं, क्योंकि वह उसी के साथ रह रही थीं. इसी व्यवस्था को लेकर श्रीनिवास नाराज था.
डीसीपी कानन देसाई ने बताया कि रविवार सुबह श्रीनिवास घर पहुंचा और उसने चाकू से अपनी मां और छोटे भाई पर हमला कर दिया. दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया. उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों और विवाद के पूरे क्रम का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: वैशाली छात्र हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में लड़की के पिता और स्कूल गार्ड ने किया था मर्डर
फिलहाल मामले की जांच जारी है. पुलिस संपत्ति के बंटवारे और किराये की रकम को लेकर चल रहे विवाद सहित सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.