scorecardresearch
 

सूरत: एक्टिवा सवार युवक को कुचलकर भागा डंपर चालक, CCTV में कैद खौफनाक मंजर

सूरत के अलथाण इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने एक्टिवा सवार 28 वर्षीय युवक जयेशभाई को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसा मेट्रो मॉल के पास हुआ और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए न्यू सिविल अस्पताल भेज दिया है. वहीं, परिवार ने सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement
X
सूरत में मौत बनकर दौड़ा डंपर!(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)
सूरत में मौत बनकर दौड़ा डंपर!(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

सूरत से एक बेहद ही विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है. शहर के अलथाण इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार डंपर ने मोपेड सवार युवक को कुचल दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिख रही है.

बताया जा रहा है कि हादसा मेट्रो मॉल के पास तड़के हुआ, जब सड़क पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही जारी थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर सड़क से गुजरते हुए एक्टिवा सवार युवक को टक्कर मारकर आगे बढ़ गया. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि डंपर की रफ्तार काफी अधिक थी और टक्कर के बाद चालक बिना रुके आगे निकल गया.

यह भी पढ़ें: सूरत: सामान शिफ्ट करने के बहाने ले गया, दुपट्टे से घोंट दिया पत्नी का गला, ऐसे हुआ मामले का खुलासा

मृतक की पहचान 28 वर्षीय जयेशभाई के रूप में हुई है, जो सूरत के गोडादरा इलाके का निवासी था. जानकारी के मुताबिक जयेशभाई रोज की तरह सुबह अपने काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया.

Advertisement

हादसे के बाद मचा कोहराम, मौके पर पहुंची पुलिस

टक्कर इतनी भीषण थी कि जयेशभाई को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के तुरंत बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट-मार्टम के लिए न्यू सिविल अस्पताल भेज दिया गया.

देखें वीडियो...

सुबह-सुबह आई इस खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. परिजन पोस्ट-मार्टम रूम के बाहर पहुंच गए और घर के चिराग के बुझ जाने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गोडादरा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

परिवार की मांग- आरोपी को मिले सख्त सजा

मृतक जयेश के मामा मनोज भाई ने बताया कि हादसा श्याम मंदिर से पहले अलथान चौकड़ी के पास टाटा शोरूम के नजदीक हुआ. उनके अनुसार डंपर ने पीछे से टक्कर मारी, जिससे जयेशभाई की मौके पर ही मौत हो गई.

उन्होंने बताया कि जयेश के पिता नगर प्राथमिक स्कूल में प्रिंसिपल हैं और उनकी मां गृहिणी हैं. परिवार में एक बहन भी है. अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है.

Advertisement

परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे कड़ी सजा मिले. वहीं स्थानीय लोगों ने भी रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर नाराजगी जताई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement