scorecardresearch
 

दिवाली पर कारोबारी ने कर्मचारियों को बांटा 1-1 लाख कैश, नोटों की गड्डियां बांटते VIDEO वायरल

नोटों की गड्डियों से भरी प्लेट, बोनस पाकर भावुक हुए कर्मचारी और दिवाली पर कारोबारी का अनोखा तोहफा सोशल मीडिया पर चर्चा में है. सूरत के इस व्यापारी ने बताया कि वह अपने कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा क्यों मानते हैं.

Advertisement
X
कर्मचारियों को मिला एक लाख रुपये से ज्यादा का बोनस. (Screengrab: Viral video)
कर्मचारियों को मिला एक लाख रुपये से ज्यादा का बोनस. (Screengrab: Viral video)

दिवाली पर आमतौर पर कंपनियां अपने कर्मचारियों को मिठाई, कपड़े या कुछ रुपये बोनस के तौर पर देती हैं. लेकिन गुजरात के सूरत में एक कपड़ा कारोबारी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसे देखकर वे हैरान रह गए. कारोबारी ने अपने 20 कर्मचारियों को दिवाली बोनस के तौर पर एक-एक लाख रुपये से ज्यादा कैश दिया. किसी के हाथ में नोटों की गड्डियां आईं तो किसी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

सूरत में टेक्सटाइल का कारोबार करने वाले रामस्वरूप मुंडे ने अपने कर्मचारियों के लिए दिवाली पर खास इंतजाम किया था. उन्होंने 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से ज्यादा का कैश बोनस दिया. इसके लिए 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां तैयार की गई थीं. इन्हें चांदी जैसी दिखने वाली एक प्लेट में करीने से सजाया गया था.

जब कर्मचारियों को बोनस देने की बारी आई तो प्लेट में रखे इतने सारे नोट देखकर वे हैरान रह गए. कुछ कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी, जबकि एक महिला कर्मचारी पैसे लेते समय भावुक हो गई और उसकी आंखों से आंसू निकल पड़े. इस मौके पर कारोबारी के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे.

गरीबी में बीता बचपन, इसलिए कर्मचारियों की परेशानी समझते हैं

Advertisement

रामस्वरूप मुंडे ने आजतक के बातचीत में बताया कि इस तरह बोनस देने के पीछे उनकी अपनी जिंदगी का अनुभव है. उनका बचपन गरीबी में बीता है. इसलिए वे जानते हैं कि त्योहार के समय परिवार की जरूरतें पूरी करना कई लोगों के लिए कितना मुश्किल होता है.

मुंडे ने कहा कि उनके कर्मचारी सिर्फ दुकान पर काम करने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि परिवार का हिस्सा हैं. कारोबार को आगे बढ़ाने में पूरे साल उनकी मेहनत और लगन का बड़ा योगदान रहता है. इसी वजह से वह चाहते थे कि दिवाली पर हर कर्मचारी के पास इतने पैसे हों कि वह अपने परिवार के लिए त्योहार की खरीदारी कर सके.

कर्मचारियों की मेहनत को दिया सम्मान

कारोबारी ने बताया कि उन्होंने हर कर्मचारी को एक लाख रुपये से ज्यादा कैश देने का फैसला किया. उनके लिए यह खर्च से ज्यादा कर्मचारियों की खुशी का सवाल था. वह चाहते थे कि सभी अपने परिवार के साथ दिवाली अच्छे से मना सकें. इस बोनस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है. लोग कारोबारी के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं. कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा मानकर उन्हें इतनी बड़ी रकम देना चर्चा का विषय बन गया है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement