scorecardresearch
 

'तेरी वजह से मेरी बीवी छोड़ गई...',दूसरी पत्नी की हत्या कर, झाड़ियों में फेंक दी लाश

मोरबी के टंकारा में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया. बेटे की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पहली पत्नी को लेकर चल रहे विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है, जांच जारी है.

Advertisement
X
दूसरी पत्नी को मारकर झाड़ी में फेंक दी लाश (Photo: itg)
दूसरी पत्नी को मारकर झाड़ी में फेंक दी लाश (Photo: itg)

गुजरात के मोरबी जिले के टंकारा क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. यहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी दूसरी पत्नी की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

दूसरी शादी की तो छोड़ गई पहली पत्नी

जानकारी के अनुसार, घटना टंकारा के लजाई गांव के पास की है. आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है, जिसने शकुबेन नाम की महिला से दूसरी शादी की थी. बताया जा रहा है कि दूसरी शादी के चलते संजय की पहली पत्नी गंगा उसे बच्चों के साथ छोड़कर जा चुकी थी, जिससे परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था. इसी बात को लेकर संजय और शकुबेन के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.

'तेरी वजह से मेरी बीवी छोड़ गई...'

घटना वाली रात भी दोनों के बीच पहली पत्नी को लेकर कहासुनी हुई. संजय ने शकुबेन से कहा, 'तुम्हारे कारण मेरी पहली पत्नी मुझे और मेरे बच्चों को छोड़कर चली गई है.' विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर संजय ने शकुबेन के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण शकुबेन की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की योजना बनाई.

Advertisement

बेटे ने छुपकर रखी नजर, लाश ठिकाने लगाते देखा

पुलिस के मुताबिक, अगले दिन संजय ने अपने बेटे साहिल को इस घटना की जानकारी दी और उसे साथ चलने के लिए कहा. इतना ही नहीं, उसने बेटे को धमकी भी दी कि अगर वह साथ नहीं गया तो उसे भी जान से मार देगा. हालांकि, साहिल डर के बावजूद पिता के साथ नहीं गया, लेकिन उसने दूर से पूरी घटना पर नजर रखी.

बबूल की झाड़ियों में फेंक दिया शव

बाद में साहिल ने देखा कि उसका पिता रिक्शा में शव को लेकर लजाई गांव के पास भीमनाथ मंदिर के आगे बांध के पास पहुंचा और बबूल की झाड़ियों में फेंक दिया. इसके बाद साहिल ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस हरकत में आई.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही बेटे की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
 

 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement