गुजरात सरकार के गृह विभाग ने शनिवार को पुलिस बल में एक बेहद अहम बदलाव का आदेश जारी किया है. अहमदाबाद शहर के मौजूदा पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) ज्ञानेंद्र सिंह मलिक को गुजरात राज्य का नया पुलिस महानिदेशक और महानिरीक्षक (DGP & IGP) नियुक्त किया गया है. वे गुजरात डीजीपी के रिक्त पड़े मुख्य कैडर पद पर अपनी सेवाएं देंगे.
दरअसल, गुजरात में काफी समय से नियमित डीजीपी का पद खाली था. 1 जनवरी 2026 से सीनियर आईपीएस अफसर के.एल.एन. राव प्रभारी डीजीपी के रूप में राज्य की कमान संभाल रहे थे. अब उनकी जगह पूर्णकालिक तौर पर ज्ञानेंद्र सिंह मलिक को राज्य पुलिस बल का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है. मलिक सोमवार को आधिकारिक रूप से अपना नया कार्यभार संभाल सकते हैं.
B. Tech और LLB की डिग्री
1993 बैच के गुजरात कैडर के सीनियर आईपीएस अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह मलिक का प्रोफाइल बेहद मजबूत और शैक्षणिक रूप से काफी समृद्ध हैं. उन्होंने देश के प्रतिष्ठित बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीटेक (B.Tech) की डिग्री ली है, जिसके बाद उन्होंने गुजरात यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई (LLB) भी पूरी की.
अहमदाबाद का पुलिस कमिश्नर बनने से पहले मलिक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
अक्टूबर 2028 में होंगे रिटायर
मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले सीनियर आईपीएस अधिकारी जी. एस. मलिक के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है. गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, इस सर्वोच्च पद पर रहते हुए वे अक्टूबर 2028 में अपनी सेवा से रिटायर होंगे. उनके इस लंबे कार्यकाल को देखते हुए माना जा रहा है कि राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में वे कई महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव कर सकते हैं.