गुजरात के अहमदाबाद में एक शिक्षक ने दसवीं क्लास के स्टूडेंट को ऐसा जोरदार तमाचा मारा कि उसके कान का पर्दा ही फट गया. यह मामला शहर के निकोल में स्थित चाणक्य स्कूल का है.
डॉक्टर के मुताबिक, छात्र के कान का ऑपरेशन करना पड़ सकता है. इस मामले में छात्र के पिता ने कृष्णनगर पुलिस में शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. इस बीच स्कूल प्रशासन ने आरोपी शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है.
दरअसल, दसवीं के छात्र को शिक्षक ने ऐसा तमाचा मारा कि उसका बायां कान सूज गया. थोड़ी देर ही में कान से खून निकलने लगा और छात्र को साफ सुनाई देना तक बंद हो गया. अब कान के ऑपरेशन करने तक की नौबत आ गई है.
चाणक्य स्कूल की तरफ से कहा गया कि गुजराती मीडियम दसवीं में पढ़ने वाला छात्र पीटी की क्लास के दौरान स्कूल के मैदान में अपने दोस्तों के साथ बैठा था. छात्र एक-दूसरे से बातचीत कर रहे थे. ऐसे में अंग्रेजी पढ़ाने वाले टीचर लक्ष्मण वहां पहुंचे और छात्र के गाल पर बेवजह तमाचा मार दिया.
छात्र रोने लगा तो स्कूल प्रशासन ने उसके पिता को फोन करके बुलाया गया. पिता से छात्र ने कहा कि उसे कुछ सुनाई नहीं दे रहा है. उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां पता चला कि तमाचे की वजह से उसके कान का पर्दा फट चुका है.
डॉक्टर के मुताबिक, अगले हफ्ते में अगर कान की सूजन खत्म नहीं होती तो ऑपरेशन करना पड़ सकता है. आरोपी शिक्षक ने स्कूल ट्रस्ट और छात्र के पिता के सामने अपनी गलती कुबूल की.
इस मामले में अहमदाबाद के कृष्णनगर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने कहा, छात्र को शिक्षक द्वारा तमाचे मारे जाने के बाद उसे सुनाई नहीं देने की जानकारी मिली. शिक्षक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है.