scorecardresearch
 

'मैंने कभी काला जादू नहीं किया, बेटी का ख्याल रखना',वीडियो बनाकर युवती ने दी जान

दिल्ली के नांगलोई में 24 वर्षीय महिला ने अपने ससुराल में जान दे दी. पुलिस को उसके मोबाइल में एक वीडियो मिला, जिसमें उसने ससुराल वालों के व्यवहार और अपनी परेशानियों का जिक्र किया. महिला ने अपनी डेढ़ साल की बेटी की देखभाल की चिंता भी जताई.

Advertisement
X
वीडियो बनाकर युवती ने दी जान (Photo: itg)
वीडियो बनाकर युवती ने दी जान (Photo: itg)

दिल्ली के नांगलोई इलाके में 24 साल की एक महिला ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस के मुताबिक, महिला मंगलवार दोपहर अपने घर में पंखे से लटकी मिली. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन पुलिस को महिला के मोबाइल फोन में तीन मिनट से ज्यादा का एक वीडियो मिला. इस वीडियो में महिला ने अपने माता-पिता, पति और परिवार के अन्य लोगों से बात की है.

वीडियो में महिला ने अपने पिता से कहा कि वह जा रही है. उसने अपने माता-पिता से उसकी मौत के बाद किसी कानूनी पचड़े में न पड़ने की बात कही. साथ ही उसने माता पिता से अपनी डेढ़ साल की बेटी का ध्यान रखने की अपील की. महिला ने यह भी कहा कि वह नहीं चाहती कि उसकी बेटी किसी और को दी जाए, यहां तक कि उसके पति को भी नहीं. पुलिस के अनुसार,महिला की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी. वह अपने पति के साथ नांगलोई में रहती थी. दोनों की एक डेढ़ साल की बेटी है.

वीडियो में महिला ने कहा कि वह सिर्फ एक छोटा परिवार चाहती थी. उसने यह भी कहा कि उसने कभी किसी तरह का काला जादू नहीं किया. महिला ने अपने ससुराल वालों पर बुरा व्यवहार करने का आरोप लगाया. उसने अपने पति को मानसिक रूप से अस्थिर बताया और कहा कि अब वह उसके साथ नहीं रह सकती.  पुलिस को मंगलवार को इस घटना की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि शादी के सात साल के भीतर महिला की मौत होने के कारण एसडीएम और तहसीलदार को जांच की जानकारी दी गई. तहसीलदार ने महिला की मां का बयान दर्ज किया.मां ने दहेज की मांग को मौत की वजह नहीं बताया. हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि महिला का पति रोहित शराब पीने के बाद उसके साथ मारपीट करता था. पुलिस के अनुसार, रोहित कुछ महीने पहले हुए एक हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के बाद इलाज करा रहा है.डॉक्टरों ने बताया है कि उसकी हालत गंभीर है और वह दो तीन साल से ज्यादा नहीं जी सकता. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement