scorecardresearch
 

दिल्ली-NCR को मिली गर्मी से राहत, हो रही झमाझम बारिश, दफ्तर निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक अलर्ट

Rains Alert in Delhi: मॉनसून की हलचल के बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा है. वहीं, कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हो रही है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
X
Delhi weather today 2 july 2026 IMD rains alert (File Photo- PTI)
Delhi weather today 2 july 2026 IMD rains alert (File Photo- PTI)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR के लोगों को पिछले कई दिनों की तेज गर्मी और उमस से आज राहत मिल गई है. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश से तापमान में काफी गिरावट आई है. मॉनसून अब जल्द ही देश की राजधानी दिल्ली में दस्तक देने वाला है.

दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे लेकिन आज (गुरुवार) दिन की शुरुआत के साथ ही बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है. सफदरजंग, लोधी रोड, द्वारका, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद जैसे इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है.

बारिश से एक तरफ जहां मौसम खुशनुमा हो गया है तो वहीं, सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से भी जूझना पड़ सकता है. आईटीओ, आनंद विहार, करोल बाग, कनॉट प्लेस, राजीव चौक, बॉटेनिकल गार्डन और डीएनडी फ्लाईओवर पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी है. ऐसे में लोगों को सलाह है कि ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी देखकर ही घर से निकलें.

Advertisement

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दो दिन में पहुंच जाएगा. पिछले पांच सालों में दिल्ली में इस साल मॉनसून सबसे देर से पहुंचेगा. मौसम विभाग ने दिल्ली में 2 जुलाई को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली कब पहुंचेगा मॉनसून?

मौसम विभाग ने दिल्ली में आज सामान्य रूप से बादल छाए रहने और मध्यम से भारी बारिश का अनुमान लगाया है. 2 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और  न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

मॉनसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल

IMD के मुताबिक, उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. बुधवार को मॉनसून पहले ही उत्तर अरब सागर, गुजरात, दमन और दीव, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है.

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने जानकारी दी कि मौसमी मॉनसून ट्रफ पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. उत्तर बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है, जिसकी वजह से एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है. यह पश्चिम की ओर बढ़ेगा और बिहार से लेकर उत्तर पंजाब तक भारी बारिश कराएगा.

Advertisement

उन्होंने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर राजस्थान में 2 या 3 जुलाई से बारिश तेज हो जाएगी. दिल्ली में मॉनसून 3 या 4 जुलाई को पहुंच सकता है. अभी तक बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं दिल्ली तक नहीं पहुंची हैं, इसलिए बारिश कम है. जब ये हवाएं आएंगी तो बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी.  

किस तरफ बढ़ रहा है मॉनसून?
मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून की उत्तरी सीमा 1 जुलाई को पोरबंदर, वल्लभ विद्यानगर, शाजापुर, नौगांव, मिर्जापुर, आजमगढ़, अयोध्या, बदायूं, मेरठ, करनाल और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है.

बीते सालों में दिल्ली में कब आया मॉनसून?

  • साल 2020: 25 जून
  • साल 2021: 13 जुलाई (सबसे देरी)
  • साल 2022: 30 जून
  • साल 2023: 25 जून
  • साल 2024: 28 जून

इस साल मॉनसून दिल्ली में जुलाई के पहले हफ्ते में पहुंच रहा है, जो 2021 के बाद सबसे देरी वाला है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement