दिल्ली स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस ने संयुक्त अभियान चलाकर पाकिस्तान की आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल से जुड़े मामले में 26 वर्षीय हुजैफा फारूक अहमद हाशमी को गिरफ्तार किया है. आरोपी को मुंबई से सटे भायंदर इलाके से पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद उसे आज ठाणे कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट में पेशी के दौरान जज ने आरोपी से पूछा कि क्या उसे पता है कि उसे किस मामले में गिरफ्तार किया गया है. इस पर हुजैफा फारूक अहमद हाशमी ने जवाब दिया कि उसे इसकी जानकारी है.
सुनवाई के दौरान दिल्ली स्पेशल सेल की टीम ने कोर्ट से आरोपी को दिल्ली ले जाने की अनुमति मांगी. जांच एजेंसी ने अदालत में आरोपी के चैट रिकॉर्ड और बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़े स्क्रीनशॉट भी पेश किए. स्पेशल सेल ने कहा कि मामले की आगे की जांच के लिए आरोपी को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाना जरूरी है.
भायंदर से गिरफ्तारी, अब दिल्ली में होगी बड़ी पूछताछ
अदालत ने सुनवाई के दौरान यह भी पूछा कि आरोपी को दिल्ली कैसे ले जाया जाएगा. इस पर दिल्ली स्पेशल सेल की टीम ने बताया कि आरोपी को ट्रेन के जरिए दिल्ली ले जाया जाएगा. इसके बाद कोर्ट ने यह भी जानना चाहा कि दिल्ली पहुंचने में कितना समय लगेगा. जांच एजेंसी की ओर से अदालत को बताया गया कि आरोपी को दिल्ली ले जाने और वहां पेश करने के लिए ट्रांजिट वारंट की आवश्यकता होगी. टीम ने तीन दिन का समय मांगा। अदालत ने इस मांग को स्वीकार करते हुए तीन दिन का ट्रांजिट वारंट मंजूर कर दिया.
ISI और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की जांच में बड़ा एक्शन
अब आरोपी को दिल्ली लाया जाएगा और परसों उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा. इसके बाद जांच एजेंसियां उससे आगे की पूछताछ करेंगी और मामले के अन्य पहलुओं की जांच को आगे बढ़ाएंगी. जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार हुजैफा फारूक अहमद हाशमी पिछले एक महीने से पाकिस्तान में बैठे यावर खान के संपर्क में था. इसी कड़ी में जांच एजेंसियां उसके कथित संपर्कों और लेन-देन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं. फिलहाल दिल्ली स्पेशल सेल और महाराष्ट्र एटीएस इस मामले में आगे की जांच में जुटी हुई हैं. आरोपी को दिल्ली लाकर उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित कड़ियों का पता लगाया जा सके.