राष्ट्रीय राजधानी के उत्तम नगर मर्डर केस में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई जारी है. दिल्ली पुलिस ने 3 महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है. सायरा, शरीफ और सलमा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मामले में अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. घटना के बाद से तीनों महिलाएं फरार थीं और कथित तौर पर ख्याला में छिपी हुई थीं. सायरा वह महिला है, जिस पर गुब्बारा फेका गया था. आरोप है कि उसी ने अपने परिवार को बुलाया, जिसके बाद झगड़ा शुरू हुआ था.
होली के मौके पर वेस्ट दिल्ली के उत्तम नगर में अलग-अलग कम्युनिटी के दो परिवारों के बीच झगड़े में 26 साल के एक शख्स की मौत के बाद टेंशन बढ़ गया.
हिंदू संगठनों के प्रोटेस्ट करने और भीड़ के तरुण की हत्या में शामिल संदिग्धों से जुड़े एक घर में तोड़फोड़ करने और कथित तौर पर आग लगाने के बाद बाद के दिनों में भी यह इलाका गर्म रहा. हालांकि, शनिवार को भारी पुलिस तैनाती के बावजूद हालात नॉर्मल हो गए.
जांच में क्या मिला?
पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि परेशानी तब शुरू हुई, जब तरुण के परिवार की एक 9 साल की लड़की ने गलती से छत से पानी का गुब्बारा फेंक दिया, जो उसी इलाके में रहने वाली एक महिला पर जा पड़ा.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के उत्तम नगर नर्सिंग होम में भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू
'15-20 लोग रॉड लेकर इकट्ठा हो गए'
एजेंसी के मुताबिक, तरुण के पिता मेमराज ने बताया कि माफी मांगने के बावजूद, महिला ने अपने समुदाय के कई लोगों को इकट्ठा कर लिया. उन्होंने बताया, "जल्द ही, 15-20 लोग लाठी-डंडों के साथ आए और हम पर हमला करना शुरू कर दिया. हम घर के अंदर भागे, लेकिन उन्होंने बाहर से दरवाज़ा बंद कर दिया. परिवार के कई सदस्य घायल हो गए."
तरुण को इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. वह होली खेलकर अपने घर लौटा रहा था. तरुण को देखकर एक ग्रुप ने उस पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर कई बार चोट लगी और मौत हो गई.
'कार्रवाई में भेदभाव का रवैया...'
दिल्ली AIMIM प्रेसिडेंट शोएब जामई ने कहा, "दिल्ली सरकार भेदभाव रैवाया अपना कर कार्रवाई कर रही है. मुख्यमंत्री वोट की खातिर एक तरफा कार्रवाइयां कर रही हैं."
उन्होंने आरोपी के घर पर हुए बुलडोजर एक्शन पर भी सवाल उठाया और कहा कि किसी का घर तोड़ने का अधिकार आपको कौन देता है. क्या कोर्ट नहीं है ये सब देखने के लिए, सिर्फ वोट बैंक के लिए दिल्ली का माहौल खराब किया जा रहा है. आपका बुलडोजर मजहब देखकर चलेगा? पहले उत्तर प्रदेश में देखते थे, अब दिल्ली में भी ऐसे होने लगा है.
AIMIM नेता ने कहा, "हम इस मामले में माहौल नहीं खराब करना चाहते, संयम बरतने की अपील करते हैं. जो एक्शन हुआ है, हम उसका विरोध करते हैं. तरुण की हत्या दो परिवारों के बीच झगड़े का नतीजा है, इसे बेवजह मजहबी रंग दिया गया है."