दिवाली हो, कोई त्योहार या फिर घर की सजावट, मोमबत्तियों का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है. लेकिन मोमबत्ती जलने के बाद उसके जब उसका थोड़ा-सा मोम बच जाता है. बची मोमबत्ती के छोटे-छोटे टुकड़ों को ज्यादातर लोग उसे बेकार समझकर फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो अब अपनी आदत बदल लीजिए. क्योंकि ये छोटे-छोटे टुकड़े घर के कई काम आसान कर सकते हैं.
जी हां, बचे हुए मोम से नई छोटी मोमबत्तियां बनाने से लेकर अटकती दराज और जाम जिप को ठीक करने तक, इसके कई ऐसे इस्तेमाल हैं जिनके बारे में शायद आपने सोचा भी नहीं होगा. खास बात ये है कि इसके लिए आपको अलग से महंगे सामान खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. थोड़ी-सी समझदारी से आप बेकार समझे जाने वाले मोमबत्ती के छोटे-छोटे टुकड़ों को दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं और पैसे भी बचा सकते हैं. आइए जानते हैं घर में बचे हुए मोमबत्ती के छोटे-छोटे टुकड़ों को इस्तेमाल करने के 7 शानदार तरीके.
1. बचे मोम से बनाएं खुशबूदार वैक्स मेल्ट्स: अगर घर में अलग-अलग कलर्स और खुशबू वाली मोमबत्तियों के टुकड़े बचे हैं, तो उनसे वैक्स मेल्ट्स बना सकते हैं. इसके लिए मोम को गर्म पानी की मदद से पिघलाएं और सिलिकॉन मोल्ड में डालकर ठंडा होने दें. इन्हें खास वैक्स वार्मर में इस्तेमाल किया जा सकता है.
2. पुराने मोम से बनाएं नई छोटी मोमबत्तियां: बचे हुए मोम से नई टी-लाइट मोमबत्तियां तैयार कर सकते हैं. इसके लिए मोम को पिघलाकर गर्मी सहने वाले छोटे मेटल कप में डालें और बीच में सही बत्ती लगाएं. मोम जमने के बाद इसका इस्तेमाल पूजा-पाठ या डेकोरेशन में कर सकते हैं.
3. अलमारी के लिए बनाएं खुशबूदार टैबलेट: बचे हुए खुशबूदार मोम को पिघलाकर सिलिकॉन मोल्ड में डालें. चाहें तो इसमें सूखी गुलाब की पंखुड़ियां भी सजा सकते हैं. मोम जमने पर इसे अलमारी में कपड़ों से अलग रखें. इससे हल्की खुशबू मिल सकती है, लेकिन इसे कपड़ों पर सीधे न लगाएं.
4. गिफ्ट और लिफाफे को दें खास लुक: पुराने मोम का इस्तेमाल गिफ्ट पैकिंग और लिफाफे को सजाने के लिए कर सकते हैं. इसके लिए लिफाफे के फ्लैप पर थोड़ी पिघली हुई मोम लगाएं और उस पर सील स्टैंप दबाएं. मोम ठंडा होने पर सुंदर डिजाइन तैयार हो जाएगा.
5. अटकती लकड़ी की दराज को करें ठीक: अगर लकड़ी की दराज खोलने में परेशानी होती है, तो पहले उसके फ्रेम से धूल साफ करें. इसके बाद जहां लकड़ी आपस में रगड़ खाती है, वहां मोम का टुकड़ा हल्के हाथ से रगड़ें. इससे फ्रिक्शन कम हो सकता है. हालांकि, टूटी पटरी या फूली हुई लकड़ी की समस्या इससे ठीक नहीं होगी.
6. जाम जिप को चलाने में मिलेगी मदद: जैकेट, बैग या पाउच की जिप अटक रही है, तो उसके दांतों पर मोम की बहुत पतली परत लगाकर देखें. फिर जिप को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे करें. इससे उसे चलाना आसान हो सकता है. ध्यान रखें कि ज्यादा मोम लगाने से कपड़ों पर दाग पड़ सकते हैं.
7. दरवाजे-खिड़की के छोटे गैप में करें इस्तेमाल: लकड़ी के पुराने फ्रेम में बहुत छोटा गैप होने पर मोम कुछ समय के लिए उसे भर सकता है. हालांकि, ये परमानेंट उपाय नहीं है. बड़े गैप, पानी के रिसाव या ठंडी हवा रोकने के लिए सही सीलेंट या वेदर स्ट्रिपिंग का इस्तेमाल करना बेहतर है.
मोम इस्तेमाल करते समय रखें ध्यान
इस तरह मोमबत्ती के बचे टुकड़ों को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे घर की सजावट से लेकर कुछ छोटे-मोटे कामों तक में मदद मिल सकती है.