
दिल्ली के अलीपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स 250 के पार पहुंच चुका है. CPCB यानी सेंट्रल पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक अलीपुर में AQI 258 दर्ज किया गया है. वहीं DTU में 251, IIT दिल्ली में 227, बुरारी में 181 और आनंद विहार में 175 एयर क्वालिटी इंडेक्स है. इसके अलावा नोएडा सेक्टर-62 में 270 और सेक्टर-125 में 212 AQI दर्ज किया गया है.

बता दें कि CPCB के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है.
इस बीच शनिवार सुबह कालिंदी कुंज में यमुना नदी की सतह पर जहरीला झाग तैरता दिखाई दिया है.
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली-एनसीआर के मौसम की बात करें तो आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 32°C से 34°C और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने की संभावना है.
दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा. वहीं, कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है. सुबह के समय पूर्वी दिशा से हवा चलने की संभावना है, जिसकी गति 12 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है. दोपहर में हवा की गति बढ़कर 20 किमी प्रति घंटा तक हो जाएगी और हवा उत्तर-पूर्वी दिशा से चलेगी. शाम और रात के समय हवा की गति घटकर 16 किमी प्रति घंटा रह जाएगी और हवा पूर्वी दिशा से चलेगी.
आईएमडी के अनुसार, रविवार को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिल्ली में अधिकतम तापमान 32°C से 34°C और न्यूनतम तापमान 17°C से 19°C के बीच रहने की संभावना है.