दिल्ली शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत 23 लोगों को क्लीन चिट मिल गई है. इन 23 लोगों में एक नाम तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष कलवाकुंतला कविता का भी है. अदालत ने सीबीआई के उनके खिलाफ दायर किए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है.
राउज़ एवेन्यू कोर्ट में सीबीआई विशेष न्यायालय के जस्टिस जितेंद्र सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए. अदालत ने ये भी स्पष्ट किया कि कविता या इस मामले में अन्य 23 आरोपियों के गलत काम करने का कोई सबूत नहीं है.
शराब घोटाला मामले में क्लीन चिट मिलने के बाद कलवाकुंतला कविता ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा, 'मैंने सौ बार कहा है कि हमारा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. ये राजनीतिक रूप से प्रेरित मामला है. राजनीतिक प्रतिशोध के तहत, ये मामला विपक्षी दलों पर थोपा गया है और मैं न्यायपालिका की आभारी हूं कि उन्होंने देश की न्यायपालिका में हमारे विश्वास को कायम रखा है.'
'सच को छिपाया जा सकता है, लेकिन...'
कविता ने कहा, आज न्यायपालिका ने झूठ के इस पूरे जाल को खत्म कर दिया है. मैं उन सभी की बहुत आभारी हूं जो उस मुश्किल घड़ी में मेरे साथ खड़े रहे. सच की जीत हुई है. सच को छिपाया जा सकता है, लेकिन उसे कभी हराया नहीं जा सकता. लेकिन मेरे बच्चों के साथ जो समय मैंने खोया है, उसका हिसाब कौन देगा? मेरे परिवार के साथ जो समय मैंने खोया है, उसका हिसाब कौन देगा?
यह भी पढ़ें: केजरीवाल पर आरोप, गिरफ्तारी और अब बरी... दिल्ली शराब घोटाले की पूरी टाइमलाइन
हालांकि सीबीआई ने राउज एवेन्यू कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करने का फैसला किया है. सीबीआई का मानना है कि जांच के कई पहलुओं को या तो नजरअंदाज किया गया है या उन पर सही तरह से विचार नहीं किया गया है.