दिल्ली के आईटीओ इलाके में रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. हादसे में दो विधायकों समेत 7 लोग घायल हो गए. हादसा रात करीब 9:30 बजे आईपी एस्टेट थाना क्षेत्र में हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है.
पुलिस के मुताबिक हादसा पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास हुआ. शुरुआती जांच के अनुसार आशुतोष पांडे (32) अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ स्विफ्ट कार में सवार थे. परिवार लक्ष्मी नगर से आईटीओ की तरफ जा रहा था.
इसी दौरान स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर की रेलिंग पार कर दूसरी तरफ चली गई. इसके बाद सामने से आ रही इनोवा कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में 2 विधायक सहित 7 लोग घायल हो गए है.
हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस की टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई.
यह भी पढ़ें: फिल्म 'टॉक्सिक' के इवेंट में बड़ा हादसा, साउंड बॉक्स गिरने से 4 घायल, आयोजकों पर FIR
इनोवा में सवार थे दो विधायक
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक इनोवा कार में किराड़ी विधानसभा के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटेल सवार थे. टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार सभी लोगों को चोटें आईं.
पुलिस के मुताबिक चोटें मामूली हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल यानी एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी घायलों की जांच की. फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है. किसी की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने नहीं आई है.
CNG लीक की सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची
हादसे के बाद फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस के अनुसार CNG लीक होने की सूचना मिली थी. इसके बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया. इसके बाद सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य किया गया.
पुलिस ने हादसे की शुरुआती जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्विफ्ट कार डिवाइडर से किस वजह से टकराई.
यह भी पढ़ें: यू-टर्न लेते वक्त बेकाबू हुई एक्टिवा, उछलकर सिर के बल गिरी महिला, CCTV में कैद हुआ हादसा
हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी. चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा. इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. मौके से जरूरी सबूत भी जुटाए गए हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं. दोनों वाहनों को सड़क से हटाया जा चुका है. मामले की आगे की जांच जारी है.