scorecardresearch
 

दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया 'हीट एक्शन प्लान', 13 जिलों में तैनात स्पेशल वैन, ये हैं सुविधाएं

Heat Action Plan: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स लॉन्च की हैं, जो राजधानी के 13 जिलों में तैनात की जाएंगी. ये वैन ठंडा पानी, प्राथमिक उपचार किट, ORS और अन्य राहत सामग्री प्रदान करेंगी. इसके अलावा सरकार ने हीट एक्शन प्लान बुकलेट भी जारी की है, जिसमें गर्मी से बचाव के उपाय बताए गए हैं.

Advertisement
X
गर्मी-हीटवेव से बचाव के लिए एक्शन में दिल्ली सरकार  (Photo-@gupta_rekha)
गर्मी-हीटवेव से बचाव के लिए एक्शन में दिल्ली सरकार (Photo-@gupta_rekha)

मई के पहले हफ्ते में दिल्ली को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है लेकिन आने वाले दिनों में फिर तापमान बढ़ेगा. गर्मी के प्रकोप, सूरज की तपिश और लू से बचाव के लिए दिल्ली सरकार ने कमर कस ली है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'हीट एक्शन प्लान' (Heat Action Plan) लॉन्च किया है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय से 13 विशेष रूप से तैयार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स राजधानी के 13 जिलों में तैनात की जाएंगी. इस पहल का उद्देश्य न सिर्फ लोगों को गर्मी से बचाना है, बल्कि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराना है.

स्पेशल वैन में मिलेंगी ये सुविधाएं
इन हीटवेव रिस्पॉन्स वैन को चलते-फिरते राहत केंद्र के रूप में तैयार किया गया है. हर वैन में ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए वॉटर कूलर, प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट, शरीर में पानी और लवण की कमी को पूरा करने के लिए ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) और सिर को तेज धूप से बचाने के लिए टोपी व तौलिए रखे गए हैं.

इसके अलावा अगर किसी व्यक्ति की तबीयत गर्मी के कारण बिगड़ती है, तो उसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है. इन वैन को खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर तैनात किया जाएगा, जहां गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलता है.

Advertisement

ये वैन एक तरह से हेल्प डेस्क की तरह काम करेंगी, जहां लोग आकर राहत पा सकेंगे. सड़क पर काम करने वाले मजदूर, रिक्शा चालक, डिलीवरी कर्मी और अन्य बाहरी काम करने वाले लोगों के लिए यह पहल काफी राहत भरी साबित हो सकती है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का प्राथमिक लक्ष्य नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए और जरूरतमंद लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाई जाए. बता दें कि दिल्ली में हर साल गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, ऐसे में इस तरह के कदम न केवल राहत पहुंचाते हैं बल्कि जागरूकता बढ़ाने में भी मदद करते हैं.

इसके अलावा दिल्ली सरकार ने हीट एक्शन प्लान बुकलेट भी जारी की है. इसमें गर्मी से बचाव के आसान और जरूरी उपाय बताए गए हैं. लोगों को बताया गया है कि कैसे घर पर रहकर भी खुद को और परिवार को गर्मी से सुरक्षित रखा जा सकता है. सरकार ने अपील की है कि गर्मी में ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, भले ही प्यास न लगे. बिना जरूरत के दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलें. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का खास ख्याल रखें. आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करेंगे तो मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट तुरंत आपके पास पहुंचेगी.

Advertisement


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement