केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की मानें तो बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी उनके कारण ही अपने पद से इस्तीफा नहीं दे रहे. पासवान ने हाजीपुर में कहा, 'मैंने मांझी को सुझाव दिया कि जेडीयू नेतृत्व के दबाव में आकर अपने पद से इस्तीफा नहीं दें.'
पासवान ने मांझी को विश्वास मत हासिल करने का भी सुझाव दिया. पासवान ने कहा, 'विधानसभा एक मात्र जगह है जहां पर किसी को बहुमत साबित करना होता है.' मांझी को समर्थन का वादा देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी सहानूभुति सीएम के साथ है और उन्हें इस पद पर बनाए रखने के लिए हर तरह की मदद की जाएगी.
इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के सांसद पप्पू यादव भी मांझी के समर्थन में उतर आए हैं. सीएम के साथ एक रैली को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने कहा, 'दुनिया इधर से उधर हो जाए, कौन किसके साथ होगा ये नहीं जानते हैं लेकिन पूरा कोसी और पप्पू यादव आपके साथ है.'