scorecardresearch
 

वजन घटाने के लिए दवा बेहतर या वेट लॉस प्रोसीजर? भारतीय स्टडी में पता चला, जानें किससे मिलता है ज्यादा फायदा

हैदराबाद के एक अस्पताल की नई स्टडी में 150 मोटापे से पीड़ित मरीजों पर दवाओं और एंडोस्कोपिक वेट लॉस प्रोसीजर के प्रभाव की तुलना की गई. छह महीने में सर्जरी कराने वालों का वजन औसतन 12.72% घटा जबकि दवा लेने वालों का 8.67%. एक साल बाद दोनों के बीच वजन घटाने का अंतर कम हो गया.

Advertisement
X
वजन घटाने वाली दवा
वजन घटाने वाली दवा

अब मोटापा कम करने के लिए लोग कई तरह की दवाएं खा रहे हैं.ओजेंपिक से लेकर मौनजारो की मदद से तेजी से वजन कम किया जा रहा है. एक तरफ दवा है तो दूसरी तरफ कुछ लोग वेट लॉस के लिए एंडोस्कोपिक वेट लॉस प्रोसीजर (मोटापा कम करने वाली सर्जरी) भी करा रहे हैं. लेकिन दवा या प्रोसीजर में क्या बेहतर है इसको लेकर भी मरीजों के मन में सवाल रहता है. अब इसका जवाब मिल गया है. हैदराबाद के एक हॉस्पिटल में की एक नई स्टडी ने इस सवाल का जवाब देने की कोशिश की है. इस रिसर्च को Endoscopy जर्नल में प्रकाशित किया गया है.

इस रिसर्च में 8 से 65 वर्ष की उम्र के 150 लोगों को शामिल किया गया था. यह लोग मोटापे से पीड़ित थे. इनमें से 50 मरीजों का एंडोस्कोपिक वेट लॉस प्रोसीजर किया गया. वहीं, 100 मरीजों को वजन कम करने वाली दवाएं जैसे सेमाग्लूटाइड दी गई. इस दौरान सभी को अच्छा खानपान दिया गया और एक्सरसाइज भी कराई गई. स्टडी के अनुसार, प्रोसीजर कराने वाले मरीजों का वजन छह महीने में औसतन 12.72% कम हुआ, जबकि दवाएं लेने वालों का वजन 8.67% घटा था. 

यह भी पढ़ें: आसान तरीकों से वजन कम कर चुकी हैं ये टीवी की हसीनाएं, खुद बताया सीक्रेट

एक साल बाद क्या हुआ?

6 महीने में दोनों ट्रीटमेंट में अलग- अलग असर दिखा था, लेकिन 1 साल बाद दोनों के बीच का अंतर काफी कम हो गया. प्रोसीजर कराने वालों में औसतन 11.92% और दवा वालों में वजन 10.91% कम हुआ.  शोधकर्ताओं के अनुसार, एक साल की रिसर्च से यह पता चला कि  एंडोस्कोपी प्रोसीजर शुरुआत में तेजी से वजन घटाती है, जबकि दवा धीरे-धीरे असर दिखाते हुए लगभग बराबरी तक पहुंच जाती है. दोनों तरीके से वजन घटाने में लंबे समय में कोई खास अंतर नजर नहीं आता है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: Weight Loss Diet: माधुरी दीक्षित के पति डॉ. नेने ने बताया, वजन कम करने के लिए क्या खाएं? आज से ही खाना करें शुरू

हर मरीज के लिए मोटापे का अलग इलाज

स्टडी के प्रमुख शोधकर्ता डॉ. नितिन जगताप का कहना है कि मोटापे का इलाज हर मरीज के लिए अलग होना चाहिए. जिन लोगों को बढ़े हुए वजन के कारण काफी परेशानी हो रही है. इससे कोई दूसरी बीमारी पनप रही है और कम समय में वजन घटाने की जरूरत है उनको प्रोसीजर करा लेना चाहिए, लेकिन जो लोग इस तरह की सर्जरी से बचना चाहते हैं तो उनके लिए दवाएं बेहतर हैं

वजन घटाने का बेस्ट तरीका अच्छा लाइफस्टाइल है

डॉ निखिल कहते हैं कि वजन घटाने के लिए भले ही आप प्रोसीजर कराएं या दवा लें, लेकिन बेस्ट तरीका अच्छा लाइफस्टाइल ही है. खानपान का ध्यान रखें और रोज एक्सरसाइज करे. अगर आप इस तरीके से वजन घटाते हैं तो यह आपके शरीर में वजन को लंबे समय तक कंट्रोल रखने में मदद करेगा और दूसरी बीमारियों से भी बचाव होगा.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement