सोशल मीडिया पर ब्लैक कॉफी के फायदों का बहुत प्रचार होता है. लोगों में इसकी लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ी है. वजन कम करने से लेकर दिमाग को एक्टिव रखने जैसे कई फायदे भी बताए जाते हैं. कुछ लोग तो केवल दूसरों को देखकर भी ब्लैक कॉफी पीना शुरू कर रहे हैं. लेकिन क्या यह हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद है? क्या इसे रोज पीना सुरक्षित है?
दिल्ली AIIMS के डॉक्टर के मुताबिक, ब्लैक कॉफी का असर व्यक्ति की उम्र, पहले से मौजूद बीमारियों और उसकी कैफीन सहन करने की क्षमता पर निर्भर करता है. अगर कॉफी पीने से सेहत को कोई नुकसान नहीं हो रहा है तो इसको पी सकते हैं. इसके कई फायदे हैं.
ब्लैक कॉफी पीने के क्या फायदे हो सकते हैं?
दिल्ली AIIMS में Department of Gastroenterology and Human Nutrition विभाग में प्रोफेसर डॉ. शालीमार बताते हैं कि ब्लैक कॉफी लिवर के लिए फायदेमंद है. ये लिवर फाइब्रोसिस के खतरे को कम करती है. अगर आप सीमित मात्रा में इसको पीते हैं तो यह फायदा करती है, लेकिन यह हर व्यक्ति के लिए नहीं है. अगर कॉफी पीने के बाद आपको रात में नींद नहीं आ रही है. अपच हो रही है, दिल की धड़कन तेज होना जैसी समस्या हो रही है तो फिर ब्लैक कॉफी ना पीना ही सही है.
डॉ शालीमार कहते हैं कि जो लोग ब्लैक कॉफी पी रहे हैं और उनको कोई समस्या नहीं है तो वह अपनी क्षमता के हिसाब से रोज इसको सीमित मात्रा में पी सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि ब्लैक कॉफी में चीनी और दूध न हो. अगर ये चीजें डालकर कॉफी पीते हैं तो इससे कैलोरी बढ़ने का रिस्क होता है.
सुबह खाली पेट ब्लैक कॉफी पीनी चाहिए क्या?
नेशनल कॉफी एसोसिएशन के अनुसार, 10 में से 9 कॉफी पीने वाले लोग अपने दिन की शुरुआत गरमा-गरम कॉफी से करते हैं. अधिकतर लोगों को खाली पेट कॉफी पीने से कोई समस्या नहीं होती है. लेकिन अगर खाली पेट पीने से पेट में जलन, पेट खराब होने जैसी समस्या हो रही है तो खाली पेट पीनी नहीं चाहिए.
यह भी पढ़ें: ब्लैक कॉफी पीने से पेट होता है खराब? वरुण धवन की बात पर डायटीशियन ने किया रिएक्ट
किन लोगों को ब्लैक कॉफी पीने में सावधानी बरतनी चाहिए?
AIIMS के डॉक्टरों के मुताबिक कुछ लोगों को ब्लैक कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए या डॉक्टर की सलाह के बाद ही पीना चाहिए. जैसे जिनको हाई बीपी की बीमारी है ,नींद कम आती है. हमेशा एसिडिटी बनी रहती है और जिनको हमेशा अनियमित हार्ट बीट की समस्या है तो उनको ब्लैक कॉफी पीने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: रोज 2–3 कप ब्लैक कॉफी से 40% तक घट सकता है लिवर कैंसर का रिस्क! फोर्टिस डॉक्टर का दावा
एक दिन में कितनी ब्लैक कॉफी पीना सही माना जाता है?
डॉ शालीमार कहते हैं कि ऐसी कोई निर्धारित सीमा नहीं है. जब तक कॉ़फी आपको सूट कर रही है और पी सकते हैं. दिन में दो से तीन कप सामान्य हैं. हालांकि यह सीमा हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकती है.