बिग बॉस 19 वाले प्रणित मोरे इस समय बड़ी मुसीबत में फंस चुके हैं. उनके स्टैंडअप शो में हुए भद्दे जोक्स पर विवाद हो गया है. लाइव ऑडियंस के साथ बातचीत के दौरान एक लड़के ने डेट पर गई लड़की को 370 रुपये की बिरयानी खिलाने के बदले कुछ मांगने की बात कही थी. वहीं दूसरी ओर एक लड़की, जो पेशे से डॉक्टर है उसने डेड बॉडी के प्राइवेट पार्ट्स पर जोक किया. इन दोनों के क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए, जिसके बाद अब प्रणित के खिलाफ महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है.
लाइव ऑडियंस की वजह से फंसे प्रणित
प्रणित मोरे के लिए ये पहली बार नहीं है जब वो अपनी कॉमेडी की वजह से विवादों में घिरे हों. इससे पहले उन्होंने वीर पहाड़िया को लेकर एक कमेंट किया था, जिसके बाद उनपर हमला हुआ. प्रणित ने कई बार एक्टर्स को लेकर विवादित बयान दिए हैं, जिसकी वजह से वो मुसीबत में फंसे. हालांकि इस बार गलती सिर्फ उनकी नहीं थी, इसमें उनके शो पर आई लाइव ऑडियंस का बड़ा हाथ रहा.
कुछ समय पहले प्रणित भारती सिंह के पॉडकास्ट में आए थे, जहां उन्होंने अपने शो पर आई लाइव ऑडियंस पर एक बात कही थी. उन्होंने बताया था कि वो इस हिस्से को कभी स्क्रिप्ट नहीं करते हैं, उनके लिए ये किसी दोस्त से बातचीत करने जैसा है. प्रणित ने कहा था कि वो अपने जोक्स के बारे में इतना सोचते नहीं थे क्योंकि वो कंटेंट यूट्यूब पर आ रहा है, जो 18+ वाले बच्चे ही देख सकते हैं. वहीं जब वो टीवी पर होते थे, तो उन्हें काफी ध्यान रखना पड़ता था.
वल्गर जोक्स का किया था बचाव
लेकिन फिर उन्होंने अपने कंटेंट और जोक्स पर ध्यान देना शुरू किया, ताकि वो उतने वल्गर ना हो जाएं. हालांकि प्रणित ने साफ कहा कि वो ऑडियंस के साथ बातचीत में कोई फिल्टर का इस्तेमाल नहीं करते क्योंकि वो उनसे उसी तरह बात करते हैं, जैसे असलियत में अपने किसी दोस्त से करते होंगे. वो इसमें कोई सीमा नहीं लाते, क्योंकि अगर ऐसा हुआ तो उनके मुताबिक पूरी बातचीत का मजा खराब हो जाएगा.
इसी दौरान जब भारती सिंह ने प्रणित से कहा कि लोग सेक्स-वल्गर जोक्स पर बहुत हंसते हैं. तो इसपर उन्होंने कहा कि लोगों को यही सब सुनना पसंद है. लोग उनसे अक्सर कहते हैं कि वो ऐसी बातें क्यों करते हैं? मगर हकीकत में लोगों को ये सारी बातें सुनना पसंद है. उन्होंने एक बार अश्लील शो नाम से एक एपिसोड भी बनाया था, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी थी कि इसमें काफी वल्गर जोक्स का इस्तेमाल किया है. लेकिन उस वीडियो को काफी व्यूज मिले थे.
अब प्रणित मोरे उन्हीं वल्गर जोक्स और लाइव ऑडियंस के कारण बुरे फंस चुके हैं. देखना है कि अब उनके साथ आगे क्या-क्या होगा.