मशहूर कॉमेडियन समय रैना ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' से धमाकेदार कमबैक किया है. शो के पहले एपिसोड की गेस्ट आलिया भट्ट और शरवरी वाघ थीं. एपिसोड में एंटरटेनमेंट और टैलेंट दोनों दिखा. शो के अंत में एक ऐसा गाना सुनाई दिया, जिसने रातोरात इंटरनेट को क्रेजी कर दिया. गाने का नाम 'चाय की टपरी' है. लॉन्ग ड्राइव हो या क्लब, हर जगह 'चाय की टपरी' गाना बजता सुनाई दे रहा है.
'चाय की टपरी' गाने से आर्टिस्ट बलराम विश्वकर्मा भी लाइमलाइट में आ गए. नीला घाघरा पहनकर उन्होंने आलिया और शरवरी संग कमर मटकाई. बस फिर क्या था लोग उनके डांस मूव्स और एक्टिंग के दीवाने हो गए. अब हेडलाइंस और इंटरव्यूज में उनका नाम छाया हुआ है. अपनी परफॉर्मेंस से सबको हंसाने वाले विश्वकर्मा ने इंटरव्यू में एक ऐसी बात शेयर की, जिसने हर किसी को इमोशनल कर दिया.
पत्नी को नहीं हुए बच्चे
मिर्ची प्लस को दिए इंटरव्यू में बलराम विश्वकर्मा ने बताया कि पत्नी उनकी सबसे बड़ी सपोर्टर है. वो कहते हैं कि हमारी शादी को 17 साल हो गए हैं. किन्ही कारण वश हमारे पास बच्चे नहीं हैं. हमारी बीवी इसलिए खुश रहती है कि वही मेरे वीडियो शूट करती है. वही मुझे तैयार करती है. वही कैमरामैन है. वही डायरेक्टर और वही मेकअपमैन. वो मेरे वीडियो देखकर बहुत खुश होती है.
विश्वकर्मा से पूछा गया कि आप जो सजकर परफॉर्म करते हैं. इसमें आपकी वाइफ मदद करती हैं. वो कहते हैं कि हां. विश्वकर्मा की पत्नी कहती हैं कि जब मेरे पति परफॉर्म करते हैं, तो बहुत अच्छा लगता है. हम दोनों ही वीडियो को एंजॉय करते हैं.
इमोशनल हुए फैन्स
बलराम विश्वकर्मा और उनकी पत्नी के इंटरव्यू की ये क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. फैन्स उनकी बात सुनकर भावुक हो गए. एक फैन ने लिखा कि सच्चा प्यार ऐसा ही दिखता है. अन्य ने लिखा कि मुझे अपनी जिंदगी में ऐसा सपोर्टिव पार्टनर चाहिए. कई लोगों ने कहा कि आप दोनों बेस्ट कपल हो. इस प्यार को नजर ना लगे. अब बलराम विश्वकर्मा अपनी परफॉर्मेंस से दिल जीत रहे थे, लेकिन अब लोग उनकी जिंदादिली पर भी फिदा हो गए हैं.