टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी ने सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बीच आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है. नेहा की एक टी-शर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जिस पर अरबी में लिखे शब्दों को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई. अब कपल ने आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया है कि नेहा को टी-शर्ट पर लिखे शब्दों के मतलब की जानकारी नहीं थी.
उनका किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था. साथ ही, अर्जुन और नेहा ने उनकी पत्नी को निशाना बनाकर किए जा रहे ट्रोलिंग, गाली-गलौज और धमकियों पर भी नाराजगी जताई है.
फैन ने गिफ्ट की थी, पहनते ही मच गया बवाल!
दरअसल, नेहा स्वामी हाल ही में मुंबई में एक्टर कुणाल वर्मा और पूजा बनर्जी के बेटे की बर्थडे पार्टी में पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने एक ऐसी टी-शर्ट पहनी थी, जिस पर मिकी माउस का कार्टून बना था और साथ ही अरबी में कुछ शब्द लिखे थे. सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि इसपर 'अल्लाह', 'रसूल' और 'मुहम्मद' जैसे धार्मिक नाम लिखे हुए थे. इसके बाद उनकी तस्वीरें वायरल होने लगीं और इंटरनेट पर बहस छिड़ गई. कुछ लोगों ने धार्मिक नामों को इस तरह के कपड़ों पर इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए.
‘हमें नहीं पता था क्या लिखा है’, कपल ने मांगी माफी
अर्जुन बिजलानी और नेहा स्वामी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि यह टी-शर्ट उन्हें बैंकॉक के एक मॉल में एक फैन ने गिफ्ट की थी. उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उस पर क्या लिखा है और उसका क्या मतलब है. कपल ने कहा कि वे सभी धर्मों, आस्थाओं और मान्यताओं का सम्मान करते हैं और जानबूझकर कभी किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाएंगे. उन्होंने अनजाने में हुई इस घटना के लिए माफी भी मांगी और कहा कि भविष्य में किसी से मिले गिफ्ट को लेकर वे ज्यादा सावधानी बरतेंगे.
नेहा को मिल रही धमकियों पर भड़के अर्जुन-नेहा
कपल ने अपने बयान में यह भी कहा कि धार्मिक मामलों को लेकर लोगों की भावनाएं मजबूत हो सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी को ऑनलाइन गालियां दी जाएं या धमकाया जाए. नेहा को निशाना बनाकर की जा रही ट्रोलिंग और अभद्र टिप्पणियों को उन्होंने बेहद दुखद और अस्वीकार्य बताया. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मामले को समझदारी और संवेदनशीलता के साथ देखा जाए और नेहा व उनके परिवार के खिलाफ नफरत फैलाने से बचा जाए.
अर्जुन और नेहा का कहना है कि आपसी सम्मान और बातचीत किसी को अपमानित करने या डराने से कहीं बेहतर है. कपल ने उम्मीद जताई कि उनकी सफाई से मामला समझने में मदद मिलेगी और लोग इसे गरिमा व समझदारी के साथ खत्म होने देंगे.