Uk07 राइडर के नाम से मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल इस समय दर्द में हैं. एक्सीडेंट के बाद से ही वो अस्पताल में भर्ती हैं. लेकिन उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ है. अनुराग ने अब अस्पताल से अपना हेल्थ अपडेट दिया है. उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि क्या वो अब कभी चल पाएंगे या नहीं.
किस हाल में हैं अनुराग?
अनुराग डोभाल ने अस्पताल से अपना नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो स्ट्रेचर पर लेटे दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोग उन्हें उठाकर रूम में बेड पर लेटाते दिखाई दिए. अनुराग ने वीडियो में अपने गंभीर चोंटें दिखाईं. सर्जरी के टांके भी दिखाए. वो दर्द में कराहते नजर आए. खांसी होने पर उनके टांकों में दर्द होने की वजह से वो चिल्लाते दिखे. अनुराग को इस हाल में देखकर उनके फैंस भी इमोशनल हो रहे हैं.
अनुराग ने अपना हेल्थ अपडेट देते हुए कहा- मेरी टांग पूरी तरह सुन्न हो चुकी है. मैं टांग हिला भी नहीं पा रहा हूं. टांके दिखाते हुए अनुराग ने कहा- मेरी सर्जरी हुई है, जिसकी वजह से बॉडी का नीचे वाला पूरा हिस्सा डैमेज हो गया है. मुझे नहीं पता कि क्या ठीक होगा और कैसे ठीक होगा.
अपना हाल बताते हुए अनुराग काफी इमोशनल नजर आए. उन्होंने कैप्शन में लिखा- जिंदगी में फिर कभी चल पाऊंगा या नहीं पता नहीं.
अनुराग को दुआएं दे रहे फैंस
फैंस अनुराग को हिम्मत और हौसला रखने की सलाह दे रहे हैं. उन्हें इस मुश्किल वक्त में मोटिवेट भी कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- दर्द से लड़ना ही असली शेर की पहचान होती है. दूसरे ने लिखा- आप चैंपियन हो. फिर से राइड करोगे. हंसते रहो. सब अच्छा होगा.
बता दें कि मार्च की शुरुआत में अनुराग डोभाल ने इंस्टाग्राम पर लाइव सेशन के दौरान आत्महत्या करने की कोशिश की थी. उनकी तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई थी. एक्सीडेंट में अनुराग को गंभीर चोंटें आईं. अब तक वो अस्पताल में भर्ती हैं. अनुराग का कहना है कि वो डिप्रेशन में हैं, क्योंकि उनके परिवार ने उनसे रिश्ता तोड़ दिया है और जायदाद से भी बेदखल कर दिया है.