फिल्म 'वीरगति' (1995) में एक्ट्रेस पूजा डडवाल सलमान खान के साथ नजर आई थीं. इस समय वे एक बीमारी से जूझ रही हैं. इलाज में मदद के लिए पूजा ने सलमान खान से एक वीडियो के जरिए गुहार लगाई थी. सलमान ने अब इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
पूजा डडवाल टीबी की बीमारी से जूझ रही हैं और उनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं. पूजा ने सलमान खान से आर्थिक मदद मांगी थी. सलमान ने पुणे में अपने दबंग टूर को लेकर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मैंने पूजा डडवाल के बारे में सुना है. मैं जिस तरह संभव हो सकता है, उनकी मदद करने की कोशिश कर रहा हूं. हमारी टीम पहले से ही उनकी देखभाल में जुटी है. मुझे नहीं पता था कि वे अपने जीवन के इस कठिन दौर से गुजर रही हैं. वे जल्द ठीक हो जाएंगी.'
बता दें कि शिवड़ी के टीबी अस्पताल में भर्ती पूजा डडवाल की मदद रवि किशन भी कर चुके हैं. वे अपनी फिल्म एमएलए के प्रमोशन के सिलसिले में हैदराबाद में थे, वहां से उन्होंने अपने सहयोगी पप्पू यादव द्वारा नकद व फल अस्पताल में पहुंचाए थे. पप्पू यादव के फेसबुक अकाउंट पर मौजूद वीडियो में पूजा अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती दिखाई गई थी. उन्होंने हाल ही में एक वीडियो के द्वारा सहयोग की अपील की थी.
पूजा डडवाल टीबी और फेफड़ों से संबंधित बीमारी से ग्रस्त हैं, उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है. ऐसे में उनका इलाज सही ढंग से नहीं हो पा रहा है. वे पिछले 15 दिनों से मुंबई के शिवड़ी टीबी अस्पताल में भर्ती हैं.
पूजा का दावा है कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब है. पूजा ने एक्टर को एक वीडियो मैसेज भेजा है. वह कहती हैं, अगर सलमान को मेरा वीडियो मिलेगा तो मुझे उम्मीद है कि वो मेरी मदद जरूर करेंगे. मुझे अस्पताल में 15 दिन हो गए हैं. मैं कई सालों से गोवा के कसीनो में मैनेजर हूं. मेरे पास पैसे नहीं हैं. एक कप चाय के लिए भी मैं दूसरों पर निर्भर हूं.