प्राचीन रहस्य, दैवीय शक्तियां, ऐतिहासिक साम्राज्य, ग्रैंड फील वाला साउंड डिजाइन और शानदार विजुअल्स... साउथ की कुछ सबसे बड़ी हिट्स इन्हीं चीजों के अलग-अलग कॉम्बिनेशंस और मात्रा में मिलाकर बनी हैं. लेकिन इस डिजाइन की हर फिल्म को अलग करता है प्रेजेंटेशन की क्वालिटी और कहानी कहने का तरीका. मलयालम सिनेमा से आ रही फिल्म कत्तनार इन दोनों मामलों में एपिक नजर आ रही है. बाहुबली की देवसेना बन चुकीं अनुष्का शेट्टी और मलयालम स्टार जयसूर्या की कत्तनार का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. और ये ट्रेलर हर तरह से एक दमदार फिल्म का वादा कर रहा है.
एक रहस्यमयी मानव की कहानी
कत्तनार की कहानी केरल के इतिहास से जुड़े एक व्यक्ति पर आधारित है, जिसे जादुई शक्तियों का ज्ञाता माना जाता था. दंतकथाओं के साथ आगे बढ़ते रहने से अब इस कहानी में इतिहास, मिथक, जादू और शक्तियों का ऐसा मिक्स-अप बन चुका है कि इसमें क्या सही है और क्या गलत, ये बता पाना असंभव सा है.
कत्तनार का ट्रेलर आपको चेर साम्राज्य में ऐसे लोगों के बीच ले जाता है, जो खुले दिल से हर तरह के विज्ञान और ज्ञान को रिसर्च के बाद स्वीकारने के लिए तैयार थे. लेकिन उन्हें जादू जैसी चीजों पर विश्वास नहीं था. उसी जगह एक ऐसा मायावी मानव आता है, जिसकी शक्तियों पर किसी को विश्वास ही नहीं होता. उनका कोई लॉजिकल कारण नहीं है.
कत्तनार इसी किरदार के आसपास अपने विजुअल्स बुनती है, जो आंखों पर बहुत ईजी हैं और एक अलग तरह का, स्क्रीन पर अनदेखा सा संसार क्रिएट करते हैं. कत्तनार के विजुअल्स और नैरेशन से आपको कुछ-कुछ कांतारा चैप्टर 1 जैसा फील आ सकता है. मगर दोनों फिल्मों के संसार में अंतर देखने में पता चलता है. जयसूर्या का लीड किरदार बहुत दिलचस्प लग रहा है. कहानी में बहुत सारे किरदारों का महत्वपूर्ण रोल नजर आता है, जो इस तरह की एपिक फिल्मों के लिए एक अच्छा संकेत होता है. यहां देखें कत्तनार का ट्रेलर:
10 से ज्यादा भाषाओं में आ रही कत्तनार
कत्तनार की एक बड़ी खासियत ये है कि इसे कई भाषाओं में रिलीज किया जाना है. हिंदी समेत साउथ की चारों भाषाओं में ही नहीं, कत्तनार के मेकर्स ने कोरियन, इटालियन, रशियन और फ्रेंच जैसी भाषाओं में भी डबिंग का प्लान बनाया है. पिछले कुछ सालों में मलयालम सिनेमा की ग्रोथ स्टोरी बहुत तगड़ी रही है.
कत्तनार मलयालम सिनेमा की तरफ से स्केल और रीच बढ़ाने की एक और दमदार कोशिश नजर आती है. कत्तनार की पक्की रिलीज डेट अनाउंस नहीं की गई है, लेकिन बताया गया है कि ये 2026 के मानसून में रिलीज होगी. ट्रेलर देखने के बाद लगता है कि जनता रिलीज डेट पूछ-पूछकर मेकर्स को बहुत परेशान करने वाली है!