बॉलीवुड की मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान के कुक दिलीप अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. दिलीप अपने मजाकिया अंदाज और फराह के साथ दिलचस्प बातचीत के कारण दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर हो चुके हैं. लेकिन हाल ही में कॉमेडियन साइरस ब्रोचा ने दिलीप को फ्रॉड और ओवररेटेड बता दिया.
साइरस का चौंकाने वाला बयान
साइरस ब्रोचा ने शांतनु अनम के साथ बातचीत के दौरान फराह खान के कुक दिलीप को फ्रॉड कहा था. उन्होंने कहा था, 'मुझे वह आदमी बिल्कुल भी पसंद नहीं है. वह मुझे इरिटेट करते हैं. अब लगता है कि वह हर समय एक्टिंग कर रहे हैं. शुरुआत में मुझे वह अच्छे लगे थे, लेकिन फिर अब वह मुझे फ्रॉड जैसे लगते हैं. मुझे लगता है कि फराह उन्हें बोलने के लिए लाइनें देती हैं और फिर वो वही बोलते हैं, जो उन्हें बोलने के लिए बोला जाता है. कभी-कभी लगता है कि उनका दिल इसमें नहीं लगता है. उन्हें जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है.'
हालांकि बातचीत के दौरान शांतनु अनम ने दिलीप का बचाव किया. उन्होंने कहा कि दुनिया में शायद आप ही एक ऐसे शख्स हैं, जिन्हें दिलीप पसंद नहीं हैं. दिलीप बहुत ही प्यारे और स्वीट हैं.
फराह ने साइरस के इस बयान का मजेदार अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने उस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, 'साइरस, मैं दिलीप की जगह तुम्हें रख सकती हूं'. फराह के इस कमेंट पर साइरस ने कहा, 'कल से आऊं?' इसपर सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, एक व्लॉग साइरस के साथ बनाना चाहिए. ताकि लोग देख सके कि दिलीप इस पर क्या बोलते हैं. एक अन्य यूजर्स ने लिखा, अगर साइरस आपके साथ व्लॉग बनाएंगे तो सभी लोग देखना बंद कर देंगे.
फराह खान के यूट्यूब व्लॉग्स ने दिलीप को घर-घर में पहचान दिलाई है. उनके वीडियो में सिर्फ खाना बनाने की रेसिपी ही नहीं, बल्कि सेलिब्रिटीज के घरों की तस्वीरें, दिलचस्प बातचीत और फराह-दिलीप की मजेदार नोकझोंक भी देखने को मिलती है. दिलीप के बेबाक जवाब और कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को खूब पसंद आते हैं.