टॉम हॉलैंड वाला स्पाइडरमैन पूरी दुनिया पर छाया हुआ है. MCU और सोनी के इस सुपरहीरो का क्रेज लोगों के बीच इतना ज्यादा है कि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. पूरी दुनिया से पहले इंडियन फैंस ने स्पाइडरमैन की नई फिल्म स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे का मजा लूटा, जिसे देखने के लिए दर्शकों का सैलाब सा उमड़ पड़ा.
स्पाइडरमैन ने चलाया अपना जादू
स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे ने इंडिया के अंदर कलेक्शन के मामले में वो सभी पुराने रिकॉर्ड्स तोड़ डाले, जो एक समय हॉलीवुड की फिल्मों ने बनाए थे. MCU की ही आखिरी सबसे बड़ी हिट फिल्म एवेंजर्स एंडगेम का फर्स्ट डे कलेक्शन, टॉम हॉलैंड के स्पाइडरमैन ने चुटकी में तोड़ डाला. पहले दिन इंडिया में इसने 60.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया.
स्पाइडरमैन की नई फिल्म बुधवार को कामकाजी दिन पर रिलीज हुई थी. शुक्रवार को भी कामकाजी दिन की वजह से इसकी कमाई में थोड़ा असर देखने मिला. सैकनिल्क की रिपोर्ट अनुसार, दूसरे दिन स्पाइडरमैन ब्रैंड न्यू डे ने बॉक्स ऑफिस पर 64.8% की ऑक्यूपेंसी के साथ 49.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. दो दिनों के अंदर फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 109.95 पहुंच चुका है.
टूट गए हॉलीवुड के रिकॉर्ड
टॉम हॉलैंड की फिल्म हॉलीवुड की तरफ से सबसे तेज 100 करोड़ रुपये कमाने वाली पिक्चर बन गई है, जिसने एवेंजर्स एंडगेम का भी रिकॉर्ड तोड़ डाला है. साल 2019 में आई एंडगेम ने 100 करोड़ का आंकड़ा तीन दिनों में पार किया था, जिसे स्पाइडरमैन ने दो दिनों में ही पूरा कर लिया है. इससे साफ पता चल रहा है कि पहला वीकेंड खत्म होने तक फिल्म 250 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर डालेगी. अगर ऐसा हो गया, तो ये स्पाइडरमैन फ्रेंचायजी की इंडिया में सबसे ज्यादा कमाऊ फिल्म बन जाएगी.
स्पाइडरमैन फ्रेंचायजी की पिछली फिल्म नो वे होम ने इंडिया में 212 करोड़ रुपये का लाइफटाइम ग्रॉस कलेक्शन किया था. इसमें टॉम हॉलैंड के साथ पुराने सभी स्पाइडरमैन यानी टोबी मैग्वायर और एंड्रयू गार्फील्ड भी थे. ये फिल्म साल 2021 में कोविड के समय आई थी, जिसका क्रेज काफी ज्यादा था. अब स्पाइडरमैन की नई फिल्म अगर इसी रफ्तार से चलती रही, तो ये इंडिया में बने MCU के सभी रिकॉर्ड्स तोड़कर एक नया रिकॉर्ड बनाएगी.