scorecardresearch
 

कौन है सत्कार कौर? जिससे मंच पर गले मिले दिलजीत दोसांझ, कैंसर से जूझ रही 4 साल की बच्ची

हाल ही में दिलजीत ने कॉन्सर्ट के दौरान गाना रोककर जिस बच्ची से मुलाकात की वो 4 साल की सत्कार कौर ब्लड कैंसर से जूझ रही हैं. बच्ची दिलजीत दोसांझ की बड़ी फैन है.

Advertisement
X
कैंसर से जूझ रही दिलजीत की नन्ही फैन (Photo: Instagram @satkaatkaur)
कैंसर से जूझ रही दिलजीत की नन्ही फैन (Photo: Instagram @satkaatkaur)

सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. वीडियो में दिलजीत अपने लाइव शो के दौरान गाना रोककर एक छोटी सी बच्ची से मिलने पहुंचते हैं. इस प्यारे पल ने लाखों लोगों को भावुक कर दिया. लेकिन आखिर वो बच्ची कौन है, जिसके लिए दिलजीत ने पूरा कॉन्सर्ट कुछ देर के लिए थाम दिया?

कौन है वो बच्ची जिससे गले मिले दिलजीत?

उस बच्ची का नाम है सत्कार कौर. महज 4 साल की सत्कार ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है. दुख की बात ये है कि जन्म के कुछ समय बाद ही उसे कैंसर डायग्नोज हो गया था. तब से लेकर आज तक वो लगातार इलाज और कीमोथेरेपी के दर्द से गुजर रही है.

हालांकि इस मुश्किल लड़ाई के बीच सत्कार को एक चीज हमेशा खुशी देती रही है- दिलजीत दोसांझ के गाने. वो दिलजीत की बहुत बड़ी फैन है. उनके गाने सुनकर उसके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और शायद यही वजह थी कि उससे मिलने का सपना उसने अपने दिल में संजो रखा था.

हाल ही में उसका ये सपना सच हो गया. वायरल वीडियो में सत्कार हाथ में फूलों का गुलदस्ता लेकर दिलजीत से मिलने पहुंचती है. जैसे ही दिलजीत की नजर उस पर पड़ती है, वो तुरंत अपना गाना रोक देते हैं. फिर प्यार से उसे गोद में उठाते हैं और अपने साथ स्टेज पर ले जाते हैं.

Advertisement

इस दौरान दिलजीत बच्ची को दुलार करते हुए गाते हैं- 'सूरत उसकी परियां वर्गी... सीरत दी वो मरियम लगदी...' स्टेज पर मौजूद हर शख्स इस भावुक पल को देखकर भावुक हो उठता है.

बेटी के चेहरे की खुशी देख माता-पिता के छलके आंसू 

सत्कार के माता-पिता के लिए भी ये पल किसी चमत्कार से कम नहीं था. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा भावुक नोट शेयर करते हुए बताया कि उनकी बेटी का सबसे बड़ा सपना आखिरकार पूरा हो गया है. परिवार ने लिखा- यह सपना पहले सिर्फ सत्कार का था, लेकिन आज यह उन सभी लोगों का सपना है जिन्होंने इसे सच करने में मदद की. दिल की गहराइयों से उन सभी लोगों का धन्यवाद जिन्होंने सत्कार के लिए दुआ की, प्यार दिया और उसका साथ निभाया.

उन्होंने उन लोगों का भी आभार जताया जिन्होंने मुश्किल समय में उनके परिवार का साथ दिया. वहीं दिलजीत दोसांझ के लिए उन्होंने लिखा कि कई महीनों से सत्कार इस पल का इंतजार कर रही थी और आज उनकी दयालुता की वजह से उसका सपना सच हो सका. इस मुलाकात ने उनकी बेटी को नई उम्मीद, नई खुशी और बीमारी से लड़ने की नई ताकत दी है.

दिलजीत से मुलाकात के बाद सत्कार की ओर से भी एक बेहद भावुक थैंक्यू पोस्ट शेयर किया गया. इस पोस्ट में लिखा गया- दिलजीत दोसांझ, मेरा सपना पूरा करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. आपसे मिलने के बाद मैं पहले से भी ज्यादा मोटिवेटेड और पॉजिटिव महसूस कर रही हूं. आपसे मिलकर सबसे पहले मेरे मन में यही ख्याल आया कि मैं एक दिन फिर आपसे मिलना चाहती हूं.

Advertisement

पोस्ट में आगे लिखा गया- आपने मुझे जो प्यार, अपनापन और सकारात्मकता दी है, उसे हमारा परिवार कभी नहीं भूल पाएगा. हम हमेशा से आपके प्रशंसक रहे हैं, लेकिन आपने मेरे लिए जो किया है, उसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है.

फिर खाना खाने लगी सत्कार

सत्कार के परिवार ने बताया कि जब वे अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब दिलजीत उनकी बेटी के लिए उम्मीद की एक किरण बनकर आए. सत्कार आपके वीडियो देखकर अपना दर्द भूल जाती है. वो आपको देखते हुए खाना खाती है, आपकी वीडियो देखते हुए दवाई लेती है और आपकी मौजूदगी से उसे खुशी और हिम्मत मिलती है.

पोस्ट के आखिर में परिवार ने दिलजीत का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा- जब हमारी बेटी को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आप उसकी जिंदगी में रोशनी, प्रेरणा और खुशी बनकर आए. आपने हमारी बेटी और पूरे परिवार को जो खुशी दी है, उसके लिए हम हमेशा आपके आभारी रहेंगे.

सत्कार की ये कहानी और दिलजीत का ये खूबसूरत जेस्चर सिर्फ एक फैन और उसके पसंदीदा कलाकार की मुलाकात नहीं है, बल्कि ये उम्मीद, प्यार और इंसानियत की ऐसी कहानी है जिसने हर किसी का दिल छू लिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement