बॉलीवुड की वेटरन एक्ट्रेस बिंदू हिंदी सिनेमा की कई सारी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं. उनके काम को सालों तक सराहा भी गया. बिंदू अपने जमाने में ग्लैमरस एक्ट्रेस की लिस्ट में भी शुमार थीं. वो अक्सर फिल्मों में विलेन की तरफ नजर आती थीं. लेकिन एक समय उन्होंने फिल्म में बिकिनी सीन शूट करने पर आपत्ति जताई थी.
हाल ही में बिंदू ने विक्की लालवानी के पॉडकास्ट में बताया कि फिल्म जोशीला में उनका एक बिकिनी सीन था, जिसे करने से उन्होंने इनकार कर दिया था. इस सीन की उन्हें बिल्कुल खबर नहीं थी. डायरेक्टर यश चोपड़ा ने सेट पर एक्ट्रेस को सीन बताया, जिससे वो काफी हैरान हुई थीं. बिंदू ने 2 घंटे तक शूटिंग रुकवा दी थी.
क्यों बिकिनी नहीं पहनना चाहती थीं बिंदू?
वेटरन एक्ट्रेस ने कहा- मैंने बिकिनी वाला सीन करने की वजह से करीब दो घंटे तक शूटिंग रुकवा दी थी, क्योंकि मैं उस तरह की बिकिनी पहनने के लिए तैयार नहीं थी. आखिर बिकिनी तो बिकिनी ही होती है. मैंने यश जी से कहा कि प्लीज, आपने मुझे पहले इसके बारे में नहीं बताया था. मुझे तो इसकी जानकारी सेट पर पहुंचने के बाद ही मिली.
'तब यश जी ने मुझसे कहा कि आप जितना हो सके पानी के अंदर ही रहिए. हम उसी तरह शूट करेंगे और सिर्फ साइड और पीछे से शॉट्स लेंगे.' बिंदू आगे बताती हैं कि 2 घंटे तक वहां उनके साथ सेट पर मौजूद लेजेंडरी एक्टर देवानंद चुपचाप बैठे रहे थे. उन्होंने एक्ट्रेस और डायरेक्टर के बीच हो रही चर्चा में दखल नहीं दी. अंत में बिंदू ने बताया कि वो किस मोमेंट सीन करने पर राजी हुईं.
कैसे मानीं बिंदू?
उन्होंने कहा- बेचारे देवानंद जी चुपचाप बैठे रहे, उन्होंने कुछ भी नहीं कहा. करीब दो घंटे तक शूटिंग रुकी रही. मैं बार-बार यही सोच रही थी कि पता नहीं वो मेरे बारे में क्या सोच रहे होंगे. लेकिन यश जी ने मुझे भरोसा दिलाया कि सब संभाल लेंगे, आप चिंता मत कीजिए. इसके बाद मुझे पानी में उतारा गया और वहीं से शूटिंग की गई. कैमरे में सिर्फ साइड और पीछे वाले शॉट्स लिए गए.
'शूट खत्म होने के बाद मैंने सिनेमैटोग्राफर फाली मिस्त्री जी से पूछा कि सीन कैसा लग रहा है. उन्होंने कहा कि घबराइए मत, आप अच्छी लग रही हैं, कहीं से भी भद्दी नहीं लग रहीं. फाली जी की ये बात सुनकर मुझे काफी तसल्ली मिली.' फिल्म जोशीला 1973 में आई यश चोपड़ा की एक्शन-थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें देवानंद, प्रान, हेमा मालिनी, और राखी जैसे दिग्गज कलाकार थे.