सोशल मीडिया पर अपनी मजेदार कॉमेडी और डांस वीडियोज से लोगों का दिल जीतने वाली वर्षा सोलंकी की सफलता के पीछे संघर्ष की ऐसी कहानी छिपी है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं. कभी गरीबी में लोगों के घरों में बर्तन साफ करने वाली वर्षा आज सोशल मीडिया स्टार बन चुकी हैं और हर महीने लाखों रुपये की कमाई करती हैं.
हाल ही में उनकी आने वाली फिल्म 'कोंडंब (Condumb)' का गाना 'स्टार अपुन ग्लोबल' रिलीज हुआ है, जिसमें वर्षा का ग्लैमरस और हॉट अंदाज खूब चर्चा में है. इससे पहले वह 'आइच्या गावात मराठीत बोल (Aaichya Gavat Marathit Bol)' फिल्म में भी नजर आ चुकी हैं.
मां के साथ घर-घर जाकर धोए बर्तन
मुंबई की रहने वाली वर्षा सोलंकी ने एक डांस रियलिटी शो में अपनी जिंदगी के मुश्किल दिनों को याद किया था. उन्होंने बताया कि उनके पिता शराब के आदी थे और घर की जिम्मेदारियों से दूर रहते थे. ऐसे में उनकी मां लोगों के घरों में बर्तन धोकर परिवार का खर्च चलाती थीं. जब काम ज्यादा हो जाता था तो छोटी-सी वर्षा भी मां के साथ घर-घर जाकर बर्तन साफ करती थीं.
वर्षा ने बताया- बचपन में ही घर की जिम्मेदारियां उठानी पड़ गई थीं. मां अकेले सब कुछ संभाल नहीं पाती थीं, इसलिए मैं और मेरी बहन भी उनके साथ काम करने जाते थे.
शादी के बाद भी नहीं खत्म हुआ संघर्ष
बचपन से डांस का सपना देखने वाली वर्षा की कम उम्र में शादी हो गई. शादी के बाद जिम्मेदारियां बढ़ गईं और जिंदगी ने नया मोड़ ले लिया. वर्षा के मुताबिक, शादीशुदा जिंदगी भी आसान नहीं रही. उन्होंने बताया कि पति की प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार अलग होने का फैसला लिया. आज वह अपनी 10 साल की बेटी की अकेले परवरिश कर रही हैं और एक मजबूत सिंगल मदर की मिसाल बन चुकी हैं.
मोबाइल से बदली किस्मत
वर्षा ने बताया कि एक दिन किसी ने उन्हें सलाह दी कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर भी कमाई की जा सकती है. इसके बाद उन्होंने कॉमेडी और डांस वीडियो बनाना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे उनकी वीडियोज वायरल होने लगीं और देखते ही देखते लाखों लोग उनके फैन बन गए. वर्षा कहती हैं- मैं लोगों को हंसाती जरूर हूं, लेकिन मेरी अपनी जिंदगी में बहुत दर्द रहा है.
आज वर्षा सोलंकी सोशल मीडिया की पॉपुलर इन्फ्लुएंसर हैं. कॉमेडी, डांस और मॉडलिंग के साथ-साथ वह फिल्मों में भी अपनी पहचान बना रही हैं. हालांकि वो अब भी चॉल के उसी छोटे कमरे में अपनी बेटी के साथ रहती हैं. लेकिन सोशल मीडिया की वजह से जीवन पहले से काफी बेहतर हो चुका है. वर्षा यूट्यूब व्लॉग्स के जरिए अपने निजी जीवन की झलक देती रहती हैं.
हाल ही में रिलीज हुए 'स्टार अपुन ग्लोबल' गाने में उनका बोल्ड और ग्लैमरस अवतार खूब सुर्खियां बटोर रहा है. कभी दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष करने वाली वर्षा आज अपनी मेहनत के दम पर हर महीने लाखों रुपये कमा रही हैं और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं.