बॉलीवुड के कई बढ़िया प्रोजेक्ट्स का ऐलान होने के बाद दर्शकों को उनका इंतजार है. इस बीच उनकी बेसब्री को और बढ़ाते हुए कई नए प्रोजेक्ट्स के ट्रेलर आज रिलीज हुए हैं. टीवी होस्ट के रूप में शेखर सुमन एक बार फिर वापसी कर रहे हैं. 14 साल के लंबे इंतजार के बाद शेखर को लेट नाइट शो में वापसी करते देखा जाएगा. दूसरी तरफ सीनियर एक्टर जैकी श्रॉफ 'ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' बन गए हैं. उनकी नई फिल्म में उनका अवतार कमाल लग रहा है. इसके अलावा आरजे महवश, जी5 ओरिजिनल सीरीज 'सतरंगी' में और सोनाक्षी सिन्हा, प्राइम वीडियो की 'सिस्टम' में नजर आने वाली हैं.
शेखर टुनाइट
शेखर सुमन के लेट-नाइट शो 'शेखर टुनाइट' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. लगभग चौदह साल बाद एक्टर को दोबारा एक होस्ट के रूप में देखा जाएगा. आज के समय में जब बातचीत अक्सर फिल्टर की जाती है, रिहर्सल की जाती है और वायरल होने के लिए बनाई जाती है, तब 'शेखर टुनाइट' कुछ बहुत अलग वादा करता है. इसमें ईमानदारी होगी. इंटरव्यू और परफॉरमेंस नहीं, बल्कि लोगों के बीच असली पल, जो बिना किसी दिखावे के सामने आते हैं. ये शो 15 मई से शुरू होगा.
सतरंगी - बदले का खेल
जी5 ओरिजिनल की ड्रामा सीरीज 'सतरंगी - बदले का खेल' का ट्रेलर भी आज रिलीज हुआ है. अंशुमान पुष्कर, कुमुद मिश्रा और महवश स्टारर ये शो बबलू माहतो नाम के शख्स की कहानी है. बाबलू, जो लौंडा नाच करने वाले कलाकार के बेटे के रूप में अपमान और चुप्पी की छाया में बड़ा हुआ है. जाति और सत्ता से बंटी सामंती दुनिया में पलकर बबलू समझता है कि सत्ता कैसे चलती है. बबलू और लल्लू के दोहरे जीवन के साथ वह दो विरोधी दुनियाओं, एक नियंत्रण की और दूसरी परफॉरमेंस की, के बीच नेविगेट करता है. वह सिंह और पांडेय, दो प्रभावशाली परिवारों के बीच एक खतरनाक खेल शुरू करता है. बदला लेने के रूप में शुरू हुई ये जंग, धीरे-धीरे सम्मान, पहुंच और नियंत्रण की बड़ी लड़ाई में बदल जाती है. सीरीज 22 मई को स्ट्रीम होना शुरू होगी.
द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो
जैकी श्रॉफ लेकर आए हैं 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो'. ये फिल्म एक दादा और पोते की कहानी है. पोता अपने दोस्तों को दादा की 'सुपरपावर' के बारे में बताता है. रोज उन्हें दादा के हीरो वाले कारनामों की कहानियां सुनाता है. दादा का भी कहना है कि वो एलियंस से लड़ सकते हैं. मगर जब सही में एलियंस का अटैक होता है, तो क्या वो सच में सबको बचा पाएंगे. ये मजेदार मूवी 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
सिस्टम
प्राइम वीडियो की ओरिजिनल फिल्म 'सिस्टम' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ये एक दमदार कोर्टरूम थ्रिलर है और ऐसे सिस्टम को चुनौती देती है जहां ताकत ही सच तय करती है. अश्विनी अय्यर तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को पम्मी बावेजा, हरमन बावेजा और स्मिता बालिगा ने प्रोड्यूस किया है. 'सिस्टम', महत्वाकांक्षा, बदले, न्याय की लड़ाई और नैतिक मूल्यों जैसी यूनिवर्सल थीम को दिखाती है. इसमें सोनाक्षी सिन्हा, ज्योतिका और आशुतोष गोवारिकर लीड रोल में नजर आएंगे.
'सिस्टम' का ट्रेलर नेहा (सोनाक्षी सिन्हा) से शुरू होता है, जो एक यंग वकील है. उसे अपने पिता (आशुतोष गोवारिकर) से एक मुश्किल चुनौती मिलती है कि अगर उसे उनकी फर्म में पार्टनर बनना है तो खुद को साबित करना होगा. इस चुनौती को पूरा करने के लिए वह सारिका (ज्योतिका) को साथ लाती है, जो एक तेज-तर्रार कोर्टरूम स्टेनोग्राफर है और जिसके अपने छिपे हुए मकसद भी हैं. 'सिस्टम', 22 मई को प्राइम वीडियो पर प्रीमियर होगी.