म्यूजिक की कोई सरहद नहीं होती, और इस बात को हाल ही में दक्षिण कोरियाई रैपर पार्क मिन-जून उर्फ औरा ने सच कर दिखाया है. इस मशहूर के-पॉप (K-Pop) स्टार ने जब भारतीय आध्यात्म के सबसे शक्तिशाली मंत्रों में से एक 'शिव तांडव स्तोत्रम' पर अपनी परफॉरमेंस दी, तो देखने वाले बस देखते रह गए.
पार्क मिन-जून ने जिस श्रद्धा और ऊर्जा के साथ इस भक्तिमय मंत्र को अपने रैप के साथ पिरोया है, उसने न केवल उनके फैंस को चौंका दिया है, बल्कि सोशल मीडिया पर लोग इस पर बात करने लग गए.
'शिव तांडव स्तोत्रम' हुआ वायरल
पार्क मिन-जून की इस परफॉरमेंस की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने 'शिव तांडव' की पारंपरिक लय के साथ अपने रैप के बोलों को बेहद बारीकी से जोड़ा. जहां एक तरफ भगवान शिव की स्तुति के संस्कृत शब्द गूंज रहे थे, वहीं दूसरी तरफ पार्क मिन-जून का हिप-हॉप स्टाइल उसमें एक अलग ही आधुनिक ऊर्जा भर रहा था. के-हिप हॉप की तेज बीट्स और भारतीय आध्यात्मिक संगीत का यह 'क्रॉस-ओवर' इतना शानदार था कि ये काफी वायरल हो गया.
अपने इंस्टा अकाउंट पर शेयर किया वीडियो
अपने इंस्टा अकाउंट पर इस वीडियो को शेयर करते हुए औरा ने लिखा,'मुझे याद है कि जब मैं पहली बार दिल्ली आया था, तब मुझे कैसा महसूस हुआ था; और उसके बाद मैंने मुंबई और भारत के कई अन्य स्थानों की यात्रा की, जहां मुझे ढेरों अनुभव मिले और बहुत सारा प्यार मिला. मैं इन सभी चीजों के लिए ईश्वर का आभारी हूं, और मैं अभी और भी बहुत कुछ सीखना चाहता हूं. मैं यह गीत उन सभी लोगों को समर्पित करना चाहता हूं, जो मेरी इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं. यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि एक प्रार्थना है—और मुझे उम्मीद है कि यह हर किसी के दिल तक पहुंचेगी.'
कौन हैं पार्क मिन-जून उर्फ औरा?
बता दें कि औरा साउथ कोरिया फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना माना नाम हैं. उनका पूरा नाम पार्क मिन-जून है. औरा पिछले 13 सालों से बतौर सिंगर और रैपर काम कर रहे हैं. अब तक उन्होंने कई गाने हिट दिए इसके अलावा इंडिया से भी उनका गहरा लगाव हैं. इसके साथ ही औरा बिग बॉस 17 में भी हिस्सा ले चुके हैं. साथ ही डासिंग रियलिटी शो में भी नजर आए थे.