बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी का लग्जरी रेस्टोरेंट ब्रांड बास्टियन अक्सर अपनी आलीशान लाइफस्टाइल, सेलिब्रिटी कस्टमर और करोड़ों की कमाई को लेकर चर्चा में रहता है. अब उनके पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा ने इस बिजनेस से जुड़ा ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया.
राज कुंद्रा ने बताया कि Bastian की कमाई में से वो और शिल्पा अपने घर एक भी रुपया नहीं ले जाते. न सैलरी लेते हैं, न डिविडेंड. रेस्टोरेंट से होने वाला पूरा मुनाफा वापस बिजनेस को बढ़ाने में लगा दिया जाता है. यही वजह है कि एक आउटलेट से शुरू हुआ ये ब्रांड आज देशभर में करीब 9 रेस्टोरेंट्स तक पहुंच चुका है.
हर नए रेस्टोरेंट से पहले होती है वास्तु जांच
राज कुंद्रा ने ये भी बताया कि बिजनेस में वास्तु का उनके लिए खास महत्व है. उन्होंने कहा कि बास्टियन का कोई भी नया आउटलेट खोलने से पहले एक तय वास्तु एक्सपर्ट और पंडित पूरी प्रॉपर्टी की जांच करते हैं. अगर सब कुछ अनुकूल होता है, तभी नए रेस्टोरेंट की शुरुआत की जाती है.
दिलचस्प बात ये है कि बातचीत के दौरान ज्योतिष और वास्तु विशेषज्ञ जया मदान ने दावा किया कि उन्होंने बास्टियन के पहले आउटलेट को देखकर ही भविष्यवाणी कर दी थी कि ये एक दिन बड़ा ब्रांड बनेगा. उन्होंने ये भी कहा था कि शिल्पा और राज खूब पैसा कमाएंगे, लेकिन उस पैसे को अपने पास रखने के बजाय लगातार नए आउटलेट्स में निवेश करते रहेंगे. राज कुंद्रा ने इस भविष्यवाणी को सुनकर कहा कि ये बात काफी हद तक सच साबित हुई है.
क्या सच में एक रात में होती है 2-3 करोड़ की कमाई?
पिछले साल लेखिका शोभा डे ने दावा किया था कि मुंबई का Bastian रेस्टोरेंट एक रात में 2 से 3 करोड़ रुपये तक का कारोबार करता है. उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं.
हालांकि बाद में शिल्पा शेट्टी ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि काश ये सच होता. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उम्मीद है एक दिन ऐसा जरूर होगा, लेकिन फिलहाल ये आंकड़े सही नहीं हैं.
2019 में जुड़ीं शिल्पा, फिर रॉकेट की तरह बढ़ा Bastian
शिल्पा शेट्टी ने साल 2019 में Bastian Hospitality से पार्टनरशिप की थी. इसके बाद ब्रांड ने तेजी से विस्तार किया. मुंबई से शुरू हुआ यह लग्जरी रेस्टोरेंट आज मुंबई, बेंगलुरु और पुणे समेत कई शहरों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुका है.
रेस्टोरेंट के को-फाउंडर रंजीत बिंद्रा का मानना है कि शिल्पा के जुड़ने के बाद ब्रांड की किस्मत पूरी तरह बदल गई. उन्होंने यहां तक कहा कि शिल्पा उनके लिए 'लकी चार्म' साबित हुईं. यानी करोड़ों की कमाई, वास्तु पर अटूट भरोसा और लगातार विस्तार... Bastian सिर्फ एक रेस्टोरेंट नहीं, बल्कि अब एक बड़ा लग्जरी ब्रांड बन चुका है.