'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान और मशहूर डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद एक बार फिर से साथ आ रहे हैं. दोनों की आने वाली एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' को लेकर लगातार अपडेट आ रहे हैं. बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीदों के बीच अब खबर आ रही है कि 'किंग' के म्यूजिक राइट्स 50 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ कीमत पर खरीदे गए हैं.
पैन-इंडिया लेवल पर तैयार हो रही यह बड़ी फिल्म क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म के पोस्टर्स और प्रोमोशनल मटीरियल ने पहले ही फैंस की एक्साइटमेंट को हाई कर दिया है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ज़ी ने किंग के म्यूजिक राइट्स खरीदे हैं.
ज़ी एंटरटेनमेंट CEO ने क्या कहा?
इस पूरे मामले और 50 करोड़ की डील की खबरों पर ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज़ के एमडी और सीईओ पुनीत गोयनका ने अपनी बात रखी है. 'वैरायटी इंडिया' से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म के म्यूजिक राइट्स को लेकर मेकर्स के साथ बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है. गोयनका ने कहा कि वे डील की कीमत पर अभी कोई टिप्पणी नहीं करेंगे.
म्यूजिक राइट्स को लेकर होड़
फिल्म 'किंग' के गानों को अपने नाम करने के लिए सिर्फ ज़ी म्यूजिक ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री की कई बड़ी कंपनियां रेस में शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनी म्यूजिक, सारेगामा और टी-सीरीज जैसी दिग्गज कंपनियां भी इसके लिए भारी-भरकम बोली लगा रही हैं. फिलहाल जो कंपनी इस रेस में सबसे आगे चल रही है, उसने मेकर्स को सिर्फ गानों और म्यूजिक के लिए 50 करोड़ रुपये का भारी-भरकम ऑफर दिया है. अब देखना होगा कि बाजी किसके हाथ लगती है.
देश की सबसे महंगी म्यूजिक डील्स में शामिल
अगर बॉलीवुड में अब तक की सबसे महंगी म्यूजिक डील्स की बात करें, तो इसमें रणबीर कपूर की आने वाली महाकाव्य फिल्म 'रामायण' सबसे आगे नजर आती है. 'रामायण' के दोनों पार्ट के म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज ने करीब 75 करोड़ रुपये के एडवांस में खरीदे हैं, जिसमें ऑस्कर विजेता हंस ज़िमर और ए.आर. रहमान का संगीत है. इसके अलावा टी-सीरीज ने 'धुरंधर: द रिवेंज' के राइट्स 54 करोड़ रुपये और 'पुष्पा 2' के म्यूजिक राइट्स 50 करोड़ रुपये में अपने नाम किए थे. अब 'किंग' भी इसी लिस्ट में शामिल होने की ओर बढ़ रही है.
सचिन-जिगर और अनिरुद्ध की जोड़ी
फिल्म 'किंग' का म्यूजिक डिपार्टमेंट भी काफी मजबूत और दिलचस्प रखा गया है. इस फिल्म में गानों को तैयार करने की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर को सौंपी गई है. वहीं, फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर और थीम म्यूजिक की कमान साउथ के सुपरहिट म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर संभाल रहे हैं. इस जोड़ी के साथ आने से साफ है कि फिल्म का एल्बम काफी धमाकेदार होने वाला है.
फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी. इनके अलावा अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल जैसे बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. 24 दिसंबर 2026 को फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी.