अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' वैसे तो कॉमेडी फिल्म है, जो फैंस को थिएटर्स में लाफ्टर का सॉलिड डोज दे रही है. लेकिन फिल्म देखकर थिएटर्स से बाहर आने वाले कई लोग वेलकम टू द जंगल का एक सस्पेंस सुलझाते नजर आए. असल में इस फिल्म के टीज़र में कई ऐसे एक्टर्स थे, जो फिल्म में नहीं नजर आए. इन्हीं में से एक संजय दत्त भी हैं.
तीस से ज्यादा स्टार्स को साथ लेकर आई फिल्म में सबके डेट्स और शेड्यूल मैनेज करने में कितनी आफत हुई होगी, ये समझना मुश्किल नहीं है. लेकिन संजय दत्त ने डायरेक्टर को परेशान न करते हुए खुद ही अपनी रिप्लेसमेंट का इंतजाम कर दिया था.
अहमद खान ने 'न्यूज18' से बातचीत में बताया कि संजय दत्त इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने के लिए काफी एक्साइटेड थे. उन्होंने कहा, 'संजू बाबा को स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई थी और वह इस फिल्म का हिस्सा बनने के लिए बहुत एक्साइटेड थे. फिल्म में उनके इतने सारे दोस्त थे— जग्गू दादा (जैकी श्रॉफ), अक्षय और बाकी सभी. इसे लेकर वह बहुत खुश थे.' अहमद ने बताया कि संजय ने फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग भी की थी, लेकिन बाद में उन्हें इलाज के लिए अमेरिका जाना पड़ा और डेट्स का क्लैश होने लगा.
उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें ट्रीटमेंट के लिए अमेरिका जाना था. इतने बड़े एक्टर्स की डेट्स दोबारा मिलना संभव नहीं था, इसलिए हम आगे साथ काम नहीं कर सके.'
अहमद खान ने बताया कि संजय दत्त ने सिर्फ फिल्म छोड़ी नहीं, बल्कि अपनी रिप्लेसमेंट भी खुद दी. उन्होंने कहा कि संजय ने सीधे सुनील शेट्टी को फोन कर उनसे अपना रोल प्ले करने की रिक्वेस्ट की, जो पहले उनके लिए लिखा गया था.
इसके बाद संजय ने जैकी श्रॉफ से बात की और उन्हें वह रोल करने के लिए राजी किया, जो पहले सुनील शेट्टी के हिस्से में था. अहमद ने कहा, 'उन्होंने अपनी गैर-मौजूदगी का समाधान खुद तैयार किया. इसके लिए हम हमेशा बाबा के आभारी रहेंगे.'
वेलकम टू द जंगल में सिर्फ अक्षय ही नहीं, सुनील शेट्टी की कॉमेडी को भी काफी पसंद किया जा रहा है. कॉमेडी से जनता का दिल खुश कर रही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी दमदार कलेक्शन कर रही है. पहले 4 दिनों में 72 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ वेलकम टू द जंगल हिट बनने के रास्ते पर है.