सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान 90 साल के हैं. खान परिवार में उनका मान-सम्मान सबसे बड़ा माना जाता है. जब इस साल की शुरुआत में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी थी, तब हर कोई परेशान हो गया था. उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके कारण वो काफी समय तक अस्पताल में भर्ती रहे थे. सलमान के फैंस ने सलीम खान की अच्छी सेहत की दुआ की थी.
जब बिगड़ी थी सलीम खान की तबीयत
सलीम खान अस्पताल से निकलने के बाद ईद के मौके पर पहली बार नजर आए थे. सलमान ने इंस्टाग्राम के जरिए अपने पिता का वीडियो खुद शेयर किया था, और बताया था कि उनके पिता अब ठीक हैं. हाल ही में सोहेल खान ने अपने पिता सलीम खान की बिगड़ी तबीयत के दिन को फिर से याद किया. उन्होंने बताया कि कैसे उनके लिए वो पूरा एक महीना मुश्किलों से गुजरा है.
सोहेल खान इन दिनों कुणाल खेमू के शो द अलायंस में बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री शामिल हुए हैं. इसी दौरान एक्टर ने अपनी टीम वॉरियर्स से बातचीत में पिता सलीम खान की बिगड़ी तबीयत की पूरी कहानी शेयर की. सोहेल ने कहा- मैं अपना सबसे ज्यादा समय अपने माता-पिता के साथ बिताता हूं. मैं ये मानता हूं कि समय ही इकलौती बेशकीमती चीज है जो आप किसी को दे सकते हैं. मेरे बच्चे हैं, वो अभी काफी छोटे हैं और उनके पास बहुत समय बचा है.
'लेकिन मेरे माता-पिता बूढ़े हैं, तो मैं अपना ज्यादा से ज्यादा समय उनके साथ बिताना पसंद करता हूं. जब मेरे पिता कुछ हफ्तों पहले बीमार हुए थे और अस्पताल में भर्ती थे, तब वो आधे कोमा में चले गए थे. मैं उन्हीं के साथ अस्पताल में रहा, और मेरा दिल बैठ गया. डॉक्टर्स ने कह दिया था कि हम उन्हें खो सकते हैं. मेरे लिए मेरे माता-पिता सबसे ज्यादा प्यारे हैं. मैंने सोचा कि अगर मेरे पिता को कुछ हो गया, तो मुझे नहीं पता कि मैं कैसे संभाल पाऊंगा. मेरे लिए मेरे माता-पिता ही मेरी जिंदगी हैं, वो ही सबकुछ हैं.'
सलीम खान बॉलीवुड के सबसे आइकॉनिक स्क्रीनराइटर्स में से एक हैं जिन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर करीब 22 सुपरहिट फिल्में लिखीं. 70-80s में उन दोनों का सिक्का चलता था, मगर फिर सलीम-जावेद की जोड़ी टूट गई और दोनों अपनी अलग-अलग राह पर निकल गए.