बॉलीवुड में कुछ जोड़ियां ऐसी होती हैं, जिनकी चर्चा सालों बाद भी खत्म नहीं होती. सलमान खान और ऐश्वर्या राय की जोड़ी भी उन्हीं में से एक है. दोनों की प्रेम कहानी भले ही अधूरी रह गई, लेकिन फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में उनकी केमिस्ट्री आज भी लोगों को याद है. अब इसी फिल्म की पुरानी तस्वीरें शेयर करना संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन हाउस को भारी पड़ता दिख रहा है. करवा चौथ के मौके पर सलमान और ऐश्वर्या की तस्वीरें पोस्ट होते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया.
दरअसल, भंसाली प्रोडक्शंस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सलमान खान और ऐश्वर्या राय की कुछ तस्वीरें शेयर कीं. ये तस्वीरें फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' की थीं, जिसमें दोनों लीड रोल में नजर आए थे. पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया, 'कुछ तस्वीरें, कुछ यादें और मोहब्बत का एक खूबसूरत अफसाना. हैप्पी करवा चौथ.'
बस फिर क्या था. ऐश्वर्या के कई फैंस को यह पोस्ट बिल्कुल पसंद नहीं आई. लोगों का कहना था कि करवा चौथ जैसे मौके पर सलमान और ऐश्वर्या की पुरानी तस्वीरें शेयर करना सही नहीं है. खासकर इसलिए क्योंकि दोनों का रिश्ता काफी विवादों में रहा था और ब्रेकअप के बाद ऐश्वर्या ने सलमान पर गंभीर आरोप भी लगाए थे.
'ये तस्वीरें शेयर करने की हिम्मत कैसे हुई?' भड़के यूजर्स
भंसाली प्रोडक्शंस की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर नाराजगी जाहिर की. Reddit पर कई लोगों ने पोस्ट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा, "जिसने भी ये तस्वीरें करवा चौथ के लिए इस्तेमाल की हैं, उसे पता था कि वह क्या कर रहा है." वहीं दूसरे ने इसे देखकर अपनी नाराजगी जताई. एक अन्य यूजर ने लिखा, "भंसाली, अब बस भी करो."
कुछ लोगों ने इसे जानबूझकर लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश बताया. एक यूजर ने कमेंट किया कि यह पोस्ट सिर्फ चर्चा बटोरने के लिए की गई है. वहीं कई लोगों ने कहा कि सलमान और ऐश्वर्या की तस्वीरों को इस खास मौके से जोड़ना उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगा.
हालांकि, पोस्ट के पीछे प्रोडक्शन हाउस की मंशा क्या थी, इस पर कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है.
जब ऐश्वर्या ने सलमान पर लगाए थे गंभीर आरोप
सलमान खान और ऐश्वर्या राय का रिश्ता एक समय बॉलीवुड के सबसे चर्चित रिश्तों में शामिल था. दोनों ने 'हम दिल दे चुके सनम' में साथ काम किया था और इसी दौरान उनके अफेयर की खबरें भी खूब सुर्खियों में रहीं. हालांकि, बाद में दोनों का रिश्ता टूट गया और इसके बाद विवादों का दौर शुरू हो गया.
ब्रेकअप के बाद ऐश्वर्या ने सलमान पर धोखा देने और उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए थे. टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक पुराने इंटरव्यू में ऐश्वर्या ने कहा था कि रिश्ता खत्म होने के बाद भी सलमान उन्हें फोन करते थे और उनके साथ गलत तरीके से बात करते थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ मौकों पर सलमान ने उनके साथ मारपीट की थी, हालांकि शरीर पर निशान नहीं पड़ते थे. ऐश्वर्या ने कहा था कि वह इन सबके बावजूद काम पर ऐसे जाती थीं, जैसे कुछ हुआ ही न हो.
'हम दिल दे चुके सनम' की यादें फिर चर्चा में
संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में सलमान और ऐश्वर्या की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. फिल्म में अजय देवगन भी अहम भूमिका में थे. आज भी इस फिल्म के गाने, रोमांस और तीनों कलाकारों की अदाकारी लोगों के जेहन में ताजा है.
लेकिन करवा चौथ पर शेयर की गई पुरानी तस्वीरों ने एक बार फिर सलमान और ऐश्वर्या के रिश्ते की कड़वी यादें ताजा कर दी हैं. अब भंसाली प्रोडक्शंस की इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है.